सतीश चंद्र झा, बेनीपुर | बहेड़ा थाना पुलिस ने नवादा भगवती मंदिर में हुई चोरी की घटना का चौबीस घंटे के भीतर उद्भेदन कर लिया है। पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार कर चोरी किए गए कई पूजा-सामानों को बरामद किया है।
मंदिर से मुकुट, छतरी और पादुका की हुई थी चोरी
शनिवार की रात अज्ञात चोरों ने नवादा भगवती मंदिर का ताला तोड़कर मुकुट, छतरी, पादुका और पूजा से जुड़े अन्य सामान की चोरी कर ली थी। इस संबंध में मंदिर न्यास समिति के सचिव रमापति झा के आवेदन पर बहेड़ा थाना कांड संख्या 432/25 दर्ज कर पुलिस जांच कर रही थी।
कबाड़ी दुकान से मिला सुराग
रविवार को दोपहर में पुलिस को गुप्त सूचना मिली कि आशापुर स्थित प्रदीप कुमार यादव के कबाड़ी दुकान में एक व्यक्ति पूजा का सामान बेचने आया है।
सूचना के आधार पर पुलिस ने छापेमारी की और एक व्यक्ति को प्लास्टिक बोरे में पीतल का कलश, दीप, घंटा, फूलहा लोटनी, पीतल दिया और 800 रुपये नगद के साथ पकड़ा।
मंदिर समिति ने की पहचान, आरोपी गिरफ्तार
जब सामान की पहचान के लिए मंदिर समिति सचिव रमापति झा को बुलाया गया, तो उन्होंने सभी बरामद वस्तुओं की पहचान की। इसके बाद मनीगाछी थाना क्षेत्र के बघांत लक्ष्मीपुर निवासी राहुल कुमार यादव (पिता – राम लखन यादव) को गिरफ्तार कर लिया गया।
डीएसपी बासुकीनाथ झा ने बताया
पूछताछ के दौरान आरोपी ने अपराध स्वीकार कर लिया है और अपने साथियों के नाम भी बताए हैं। उनकी गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है।
छापेमारी दल में शामिल अधिकारी
इस कार्रवाई में थानाध्यक्ष हरिद्वार शर्मा, पुलिस अधिकारी पंकज कुमार समेत कई पुलिसकर्मी शामिल थे।





