
बेनीपुर। जिला मत्स्य पदाधिकारी दरभंगा ने मछली सह मखाना सैरातों पर रोक लगाई है। बावजूद, चोरी छुपे शिकार माही जारी है। इससे लाखों रुपए सरकारी राजस्व की क्षति बेरोकटोक जारी है।
जानकारी के अनुसार, बेनीपुर प्रखंड के पूर्व मत्स्य जीवी सहयोग समिति के मंत्री प्रेम कुमार साहनी के विरुद्ध 24 लाख 61 हजार ₹450 बकाया के आरोप में पिछले अप्रैल माह में जिला मत्स्य पदाधिकारी की ओर से पत्र लिखकर समय पूरा हो जाने के कारण बकाया राशि जमा करने का निर्देश दिया गया था।
लेकिन, मंत्री की ओर से सरकार का बकाया राजस्व नहीं जमा करने के कारण जिला मत्स्य पदाधिकारी ने पुनः 24 जून को अपने पत्रांक 654 के माध्यम से बहेड़ा थाना अध्यक्ष को पत्र लिखते हुए 1 जुलाई से बेनीपुर के 94 मछली सह मखाना सैरातों पर शिकार माही से पूर्ण रोक लगा दी थी।
इस बीच बेनीपुर प्रखंड मत्स्य जीवी सहयोग समिति का चुनाव संपन्न होने के बाद नवनिर्वाचित मंत्री को जिला मत्स्य पदाधिकारी ने अपने पत्रांक 728 दिनांक 2 अगस्त 22 के माध्यम से सूचित किया था कि पूर्व मंत्री के पास राशि बकाया है। इसे भी जमा करवाने का व्यवस्था की जाए।
साथ ही पूर्व मंत्री से सभी कागजात हस्तगत करते हुए पूर्ण प्रभार लिया जाए जिससे कि आगामी बंदोबस्ती की जा सके । लेकिन पूर्व मंत्री द्वारा अभी तक सरकारी बकाया राशि 2461450 रुपए जमा नहीं किए जाने के कारण न तो शिकार माही से रोक हटाई गई है।
और न ही नए सिरे से सैरातों की बंदोबस्ती की गई है। फलत: पूर्व से कब्जा धारी व्यक्तियों द्वारा चोरी-छिपे सैरातों में मछली एवं मखाना की निकासी धड़ल्ले से की जा रही है। लेकिन, इसका देखरेख करने वाला कोई नहीं है।
इस संबंध में पूछने पर जिला मत्स्य पदाधिकारी शंभु प्रसाद नायक बताते हैं कि नए सिरे से बंदोबस्ती नहीं होने के कारण नया परवाना निर्गत नहीं की गई है और ना ही पिछले बकायेदारों की ओर से पिछले बकाया राशि जमा की गई है। इसके कारण वर्तमान समय तक शिकार माही पर रोक जारी है।
और, इसके संबंध में थाना अध्यक्ष को विस्तृत पत्र भेजकर सूचना दी जा चुकी है। दूसरी ओर बहेड़ा थाना के प्रभारी थाना अध्यक्ष लवली कुमारी ने बताया कि अवैध शिकार माही की सूचना मिलने पर न्यायोचित कार्रवाई की जाएगी।
यह भी पढ़िए
बेनीपुर। बहेड़ा थाना पुलिस ने मंगलवार को दो अलग-अलग मामलों में दो लोगों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। बहेड़ा थाना के प्रभारी थाना अध्यक्ष लवली कुमारी ने बताया कि मारपीट के एक मामले में नामजद अभियुक्त बेनीपुर मत्स्य जीवी सहयोग समिति के मंत्री भोला साहनी एवं शराब पीकर हंगामा करने के आरोप में बसुहाम गांव के मोहम्मद जाकिर को गिरफ्तार कर लिया गया है। जिन्हें उत्पाद अधिनियम के तहत न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया ।







