

दरभंगा, देशज टाइम्स ब्यूरो। दरभंगा में मिलेगा रोजगार। जी हां, इसके लिए 25 मई से दो दिवसीय नियोजन सह व्यवसायिक मार्गदर्शन मेला का आयोजन किया जा रहा है। इसमें दरभंगा समेत बाहर की कई कंपनियां शामिल होंगी।
यह जानकारी सहायक निदेशक (नियोजन), अवर प्रादेशिक नियोजनालय, दरभंगा आशीष आनंद ने दी है। उन्होंने कहा है कि पिछले दो सालों से कोविड-19 के कारण रोजगार के द्वार बंद थे। लंबे अंतराल के बाद इस बेरोजगारी की उत्पन्न
आपाधापी में फिर से इस वित्तीय वर्ष 2022-23 से सरकार ने 25 और 26 मई 2022 को सरकारी आईटीआई कैंपस, रामनगर लहेरियासराय दरभंगा के परिसर में रोजगार मेले का आयोजन करने जा रही है। इसके तहत 10:00 बजे पूर्वाहन से 4:00 अपराह्न तक प्रमंडल स्तरीय दो दिवसीय नियोजन-सह-व्यवसायिक मार्गदर्शन मेला 2022-23 का आयोजन किया जा रहा है।
इसमें सभी प्रकार के शिक्षित बेरोजगारों को रोजगार और प्रशिक्षण का अवसर उपलब्ध करवाया जाएगा। इस नियोजन मेला में स्थानीय नियोजका के साथ-साथ जिले और राज्य के बाहर के नियोजका को भी रोजगार देने के लिए आमंत्रित किया जा रहा है।
इसमें कृष्णा ऑटोमोबाइल दरभंगा, राज कृष्णा मोटर्स दरभंगा, वी मार्ट दरभंगा, बाजार कोलकाता दरभंगा, महिंद्रा मोटर्स दरभंगा, एसबीआई लाइफ दरभंगा, आदित्य केपिटल दरभंगा, भारत फाइनेंस दरभंगा, जिला उद्योग केंद्र दरभंगा, आरसेटी दरभंगा, लीड बैंक दरभंगा, मिथिला प्राकृतिक चिकित्सा, मधुबनी-मुजफ्फरपुर, नवभारत फर्टिलाइजर्स मुजफ्फरपुर, शिव शक्ति बायोटोकोलॉजी मुजफ्फरपुर, उन्नत बायोटोकोलॉजी पटना, शाम सेक्युरिटी पटना, आई सी आई सी आई पटना एवं वेलस्पून प्राइवेट इंडिया लिमिटेड, गुजरात सहित अन्य गणमान्य कंपनियां शामिल होने जा रही हैं।
इस रोजगार मेले का उद्घाटन मंत्री जीवेश कुमार करेंगे। इसमें स्थानीय सांसद, विधायक, जिला परिषद के अध्यक्ष, मेयर एवं उप मेयर इत्यादि सहित स्थानीय प्रशासन के उच्च अधिकारी शिरकत करेंगे।
नियोजन मेला के माध्यम से अधिक से अधिक अभ्यर्थी रोजगार के लिए लाभान्वित होंगे। नियोजन मेला में भाग लेने के लिए सभी अभ्यर्थी अपना अपना शैक्षणिक प्रमाण पत्र, फोटो, नियोजनालय का निबंधन कार्ड एवं अन्य प्रमाण पत्र के साथ अपना बायोडाटा अवश्य लाएंगे। नियोजन मेला में प्रवेश निःशुल्क है। विभाग केवल सुविधा प्रदाता की भूमिका में हैं नियोजन की शर्तों के लिए नियोजक स्वयं जिम्मेवार हैं।


