

बेनीपुर। अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर मंगलवार को विभिन्न स्थानो पर योग शिविर का आयोजन किया गया। इसके तहत जिला विधिक सेवा प्राधिकार एवं बेनीपुर कोर्ट की ओर से जननायक कर्पूरी ठाकुर बाबा नागार्जुन स्टेडियम में योग एवं प्राणायाम अभ्यास कार्यक्रम आयोजित किया गया।
कार्यक्रम का आरंभ अपर जिला एवं सत्र न्यायाधीश प्रथम अविनाश कुमार, अपर मुख्य न्यायिक दंडाधिकारी प्रथम अमित आनंद एवं एसडीओ शंभुनाथ झा ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया। कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए एडीजेवन कुमार ने कहा कि अपने शरीर को शारिरिक और मानसिक रूप से स्वस्थ रखने के लिए हमें योग और प्रणायाम को अपनाना चाहिए।
आज योग की महत्ता को संपूर्ण विश्व ने माना है और अपनाया है, योग सभी आयुवर्ग के लोगों के लिए लाभदायक है, योग से शरीर की बीमारियों का समूल नाश होता है और मन भी प्रसन्न रहता है। एसीजेएम आनंद ने कहा कि योग कर हम निरोग रह सकते हैं।
एसडीओ श्री झा ने कहा कि बच्चों के योग करने से उनकी एकाग्रता और स्मृति बढ़ती है, प्राधिकार सहायक कुमार गौरव ने लोगों को ताड़ासन, वृक्षासन, भुजंगासन, कपाल भाति, अनुलोम विलोम आदि योग एवं प्राणायाम का अभ्यास कराया तथा उसके फायदे को भी बताया। मौके पर स्थानीय लोगों के साथ कई स्कूलों के छात्र-छात्राएं भी मौजूद थे।
वहीं प्रखंड के सझुआर पंचायत में मुखिया चन्दन कुमार झा के नेतृत्व में +2 उच्च विद्यालय सझुआर के प्रांगण में योग शिविर का आयोजन किया गया। इस दौरान दीपक मंडल, राहुल ठाकुर, धीरज कुमार, विकास, मुकेश यादव, मदन मोहन, रौशन, संध्या झा, मानस झा आदि ने भाग लिया।





You must be logged in to post a comment.