मुख्य बातें
25 वें अंचल सम्मेलन में संगठन विस्तार को लेकर प्रति माह शाखा बैठक करने पर बनी सहमति
फोटो: झिटकी में अंचल सम्मेलन से पूर्व आमसभा को संबोधित करते राज्य मंत्री
हरलाखी, मधुबनी देशज टाइम्स ब्यूरो। प्रखंड के झिटकी मध्य विद्यालय परिसर में सीपीआई का 25 वां अंचल सम्मेलन सफलता पूर्वक संपन्न हुआ। सम्मेलन से पूर्व एक आमसभा का आयोजन किया गया। जिसकी अध्यक्षता व संचालन सिसौनी पंसस शशिकांत मिश्र ने की।






आमसभा व सम्मेलन में मुख्य अतिथि के रूप में सीपीआई के राज्य सचिव सह हरलाखी के पूर्व विधायक रामनरेश पांडेय, राज्य परिषद सदस्य राजश्री किरण व जिलामंत्री मिथिलेश झा उपस्थित थे। आमसभा को संबोधित करते हुए राज्य सचिव ने कहा सीपीआई एक मात्र पार्टी है जो गरीबों के हक की लड़ाई के लिए कृत संकल्पित है। यह पार्टी स्थापना काल से ही आंदोलन के माध्यम से गरीब गुरबों को उनका अधिकार दिलाया है।
यह पार्टी लोकतांत्रिक सिद्धांतों पर काम करते हुए निचले स्तर से चुनाव कर कार्यकर्ताओं को ऊपर उठाने का काम करती है। इन सभी बिंदुओं पर चर्चा के साथ-साथ उन्होंने सरकार के गलत नीतियों पर भी विस्तार से चर्चा की।उन्होंने कहा कि देश की जनता जुमलेबाजों को वोट देकर अपने को ठगा हुआ महसूस कर रही है। देश की सरकार हर मामले में विफल साबित हो रही है।
बिजली, सड़क, स्वास्थ्य, शिक्षा व रोजगार के नाम पर वोट मांगने वाली यह सरकार आमलोगों के बीच सभी मामलों में विफल है। इस सरकार में खाद की कालाबाजारी, भूमिहीनों को भूमि उपलब्ध कराने, राशनकार्ड बनाने व शौचालय निर्माण कराने सहित विभिन्न जनसरोकार से जुड़ी योजनाओं में भ्रष्टाचार चरम पर है।
इन सभी बिंदुओं पर सरकार से लड़ाई लड़ने की जरुरत है। इसके लिए आंदोलन को तेज किया जायेगा। प्रत्येक माह एक शाखा में बैठक कर आमलोगों की समस्या सुनी जायेगी।आमसभा के उपरांत सम्मेलन की शुरुआत अतिथियों को पाग दोपटा से सम्मानित करते हुए हुआ। जिसका उद्घाटन जिलामंत्री मिथिलेश झा के संबोधन से हुआ। तदुपरांत अंचल मंत्री के बीते कार्यकाल की समीक्षा करते हुए सर्वसम्मति से बिल्टू प्रसाद महतो को दूसरी बार भी अंचलमंत्री चुना गया।
इस दौरान जिला सम्मेलन के लिए 26 लोगों को डेलीगेट के रूप में चुना गया। मौके पर राजेश कुमार उर्फ मुरारी पांडेय, राजेश कुमार पांडेय उर्फ बालाजी, गिरेन्दर राय, शोभाकांत झा, बलराम यादव, किशुन मंडल, निशांत चौधरी, जामुन शुक्ला, महेंदर राम, श्याम सुंदर महतो, रामदेव दास, संम्पति देवी, आशा देवी,विश्वनाथ प्रसाद, शिवशंकर ठाकुर व कमलेश लाल साह सहित सैंकड़ों कार्यकर्ता मौजूद थे।








