

मधेपुर, मधुबनी देशज टाइम्स ब्यूरो। प्रखंड क्षेत्र के सुंदरबिराजित पंचायत में बुधवार को जिला पदाधिकारी के निर्देश पर झंझारपुर डीसीएलआर सुधीर कुमार सिन्हा के नेतृत्व में प्रखंड के अधिकारियों की टीम ने सरकार की ओर से चलाई जा रही विभिन्न विकासात्मक योजनाओं की धरातलीय जांच की।
बीपीआरओ चंद्रदेव प्रसाद ने नल-जल व गली-नाली योजना की जांच की। निरीक्षण के बाद पंचायत भवन परिसर में आमलोगों की समस्याएं सुनकर कुछ मामलों का निबटारा भी अधिकारियों की ओर से ऑन द स्पॉट किया गया। वहीं, कुछ मामलों में समस्याओं से संबंधित आवेदन लिए गए।
आवेदकों की ओर से अधिकांश शिकायत वृद्धावस्था पेंशन, सामाजिक सुरक्षा पेंशन, पंचायत की सड़कों पर जलजमाव की समस्या, जॉब कार्ड, राशन कार्ड, भूमि अतिक्रमण, जमीन का सीमांकन, ग्रामीण सड़कों की समस्या, दाखिल खारिज आदि से संबंधित था।
पीएम किसान सम्मान निधि योजना का ऑनलाइन आवेदन के बाद भी लाभ नहीं मिलने को लेकर आवेदक उपस्थित हुए थे। कैंप में डीसीएलआर सुधीर कुमार सिन्हा, बीडीओ अर्चना कुमारी, सीओ पंकज कुमार सिंह, बीएओ शमीम अहमद अंसारी, एमओ सुजीत कुमार, मनरेगा पीओ अजीत कुमार झा, बीईओ मरजीना ख़ातून, एसडीआरएफ के इंस्पेक्टर अवधेश चक्रवर्ती, एसआइ यादव लाल शर्मा, चिकित्सक डॉ. सरयुग प्रसाद, आवास पर्यवेक्षक वीरेंद्र कुमार मंडल, बीआरपी निर्मल कुमार, शिक्षक दिलीप यादव, अजित झा सहित एसडीआरएफ के जवान मौजूद थे।

