मधुबनी, देशज टाइम्स ब्यूरो। मुख्य सचिव बिहार से प्राप्त दिशा निर्देश के आलोक में पूरे बिहार में 25 से 30 जुलाई तक की अवधि में आजादी का अमृत महोत्सव के तहत “उज्जवल भारत,उज्जवल भविष्य,पावर 2047” के उपलक्ष्य में विद्युत विभाग की उपलब्धियों पर आधारित शॉर्ट फिल्मों का प्रदर्शन किया जाना है।
इसी कड़ी में मधुबनी में भी डीएम अरविंद कुमार वर्मा के दिशा निर्देशन में मंगलवार को मिथिला चित्रकला संस्थान सौराठ में एवं शुक्रवार को जानकी विवाह भवन, झंझारपुर में शॉर्ट फ़िल्म प्रदर्शित किया जाएगा। इस कार्यक्रम में जिले के गणमान्य व्यक्तियों के साथ-साथ विद्युत के लाभुकों की उपस्थिति भी रहेगी। 12:00 से 2:00 बजे अपराह्न तक आयोजित होने वाले इस कार्यक्रम में विद्युतीकरण और नवीकरणीय ऊर्जा के क्षेत्र में किए गए कार्यों से संबंधित बिंदुओं पर प्रकाश डाला जाएगा।






साथ ही, विद्युत के क्षेत्र में हासिल किए गए उपलब्धियों को समर्पित सांस्कृतिक कार्यक्रमों का भी आयोजन किया जाएगा। नेशनल थर्मल पावर कॉरपोरेशन, (कांटी इकाई) के वरीय प्रबंधक राहुल कुमार तथा कार्यपालक अभियंता विद्युत मधुबनी मोहम्मद अरमान द्वारा उक्त कार्यक्रम स्थलों का लगातार दौरा किया जा रहा है,और आयोजित होने वाले कार्यक्रमों को अंतिम स्वरूप प्रदान किया जा रहा है।
कार्यक्रम की सफलता के लिए जिला प्रशासन द्वारा सभी प्रकार की सहूलियत उपलब्ध कराने के लिए डीएम द्वारा मिथिला चित्रकला संस्थान में आयोजित होने वाले कार्यक्रम के लिए मिथिला चित्रकला संस्थान मधुबनी के प्रभारी उपनिदेशक बालेंदु नारायण पांडेय तथा जानकी विवाह भवन झंझारपुर में आयोजित होने वाले कार्यक्रम के लिए झंझारपुर अनुमंडल पदाधिकारी शैलेश कुमार को जिम्मेवारी दी गई है।
डीएम श्री वर्मा ने कहा कि आजादी के अमृत महोत्सव के अवसर पर आयोजित उक्त कार्यक्रम से विद्युत विभाग की उपलब्धियों के बारे में लाभुकों को जागरूक करने के लिए समूचे देश भर में इस प्रकार के कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। जिले में आयोजित होने वाले ये कार्यक्रम आमलोगों में नवीकरणीय ऊर्जा के संबंध में नई जानकारियां साझा करने का अवसर बनेंगे।








