घोघरडीहा, मधुबनी देशज टाइम्स ब्यूरो। घोघरडीहा बाजार स्थित आईटीआई के निकट व्यवसायी शंकर अग्रवाल घर के सामने लगे लोहे के विद्युत पोल में उतरे करंट की चपेट में आने से एक पालतू गाय की दर्दनाक मौत हो गई।
इनरवा निवासी गाय मालिक जितेंद्र यादव ने बताया कि गाय बिजली पोल के नजदीक हरा चारा खा रही थी।तभी बिजली के पोल से सट गई।जिससे पोल में दौड़ रहे बिजली के करंट ने उसे अपनी चपेट में ले लिया और उसने मौके पर ही तड़प तड़प कर दम तोड़ दिया।इसी बीच स्थानीय लोगों ने घटना पर रोष व्यक्त करते हुए बताया कि पूर्व में भी इसी लोहे के बिजली पोल में करंट से एक सुअर की मौत हो चुकी है।






इस संबंध में विभाग को अवगत कराया जा चुका है, लेकिन इस ओर बिजली विभाग के अधिकारियों व कर्मियों द्वारा लोहे के विद्युत पोल में अक्सर करंट दौड़ने की समस्या का स्थायी समाधान नहीं किया गया है।बताते चलें कि मुख्य सड़क होने तथा औद्योगिक संस्थान के कारण बड़ी संख्या में लोगों व प्रशिक्षणार्थी छात्र-छात्राओं का आना जाना लगा रहता है।
स्थानीय लोगों ने घटना पर रोष प्रकट करते हुए बिजली के खंभों में करंट दौड़ने की समस्या का स्थायी समाधान करने की मांग की है।








