
मुख्य बातें
घटना की सूचना देने के पांच घंटे बाद पहुंची पतौना ओपी पुलिस
जेसीबी से खोदे गए गड्ढे में डूबने से बिस्फी में लगातार हो रही मौतें, प्रशासन मौन
फोटो: शव पर विलाप करते परिजन व अन्य
बिस्फी, मधुबनी देशज टाइम्स ब्यूरो। पतौना ओपी क्षेत्र के सिबौल गांव में वंश लाल यादव की (27) वर्षीय विवाहिता पुत्री बबिता देवी की मौत जेसीबी से खोदे गए गड्ढे में डूबने से हो गई।
मिली जानकारी के अनुसार बबीता अपने घर से पूरब कुछ ही दूर बधार में गयी थी। काफी समय तक वापस नहीं होने पर घर के लोगों ने काफी खोजबीन की। लेकिन, उसका कहीं कोई पता नहीं चला। तब जाकर घर से पूरब एक जेसीबी से खोदे गए गड्ढे के निकट बबीता के पांव के चप्पल मिले। उसी आधार पर स्थानीय लोगों ने उस गड्ढे में उसे तलाश किया। उक्त गड्ढे से बबीता का शव बरामद हुआ।
घटना गुरुवार सुबह सात बजे की बताई जा रही है। स्थानीय लोगों ने बताया कि तत्क्षण घटना की सूचना पतौना ओपी अध्यक्ष प्रहलाद शर्मा को दी गई। सूचना देने के पांच घंटे बाद पतौना पुलिस दिन के एक बजे घटनास्थल पर पहुंची।पतौना पुलिस के रवैए से ग्रामीणों में काफी आक्रोश देखा गया। हालांकि पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए मधुबनी भेज दिया है।
बबिता के पिता वंश लाल यादव के आवेदन पर यूडी केस दर्ज कर लिया गया है। बबिता को एक डेढ़ महीने की एक पुत्री है। घटना के बाद से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। प्रखंड क्षेत्र सहित जिले के अन्य जगहों पर भी जेसीबी की ओर से खोदे गए गड्ढे में डूबने से कई लोगों की मौतें हो चुकी हैं। लेकिन, इतनी सारी घटनाओं के बाद भी प्रशासन की नींद नही खुलती।


