मुख्य बातें
साहरघाट थाना क्षेत्र के बैंगरा एसएच 75 सड़क की घटना
घर का चिराग बुझने से स्वजन व ग्रामीणों में मातम
फोटो: रोते बिल्लखते मृत किशोर के स्वजन
हरलाखी, मधुबनी देशज टाइम्स ब्यूरो। थाना क्षेत्र के मनोहरपुर गांव निवासी नवल दास की 13 वर्षीय पुत्र संजय कुमार के मौत की खबर सुनते ही स्वजनों में कोहराम मच गया। मृतक सड़क दुर्घटना में जख्मी हुआ था। जिसका इलाज पटना के एक निजी नर्सिंग होम में चल रहा था।






जानकारी के मुताबिक किशोर कुछ दिन पहले अपने मामा के घर साहरघाट थाना क्षेत्र के बैंगरा गांव गया हुआ था। जहां बीते गुरुवार की सुबह करीब 7 बजे अपने मामा के मोटरसाईकिल गैरेज के किनारे खड़ा था। उसी दौरान एक तेज रफ्तार में अनियंत्रित अपाचे बाइक सवार ने किशोर को ठोकर मार दिया। जिससे किशोर घटना स्थल पर ही बेहोश होकर गिर गया। आनन – फानन में उसे साहरघाट के एक निजी क्लीनिक में प्राथमिक उपचार के बाद डीएमसीएच ले जाया गया।
जहां डॉक्टरों ने उसे बेहतर इलाज के लिए पटना रेफर कर दिया और सोमवार की रात युवक की इलाज के दौरान मौत हो गयी। मौत की खबर मिलते ही स्वजनों में कोहराम मच गया। मृतक की मां और बहन का रो – रो कर बुरा हाल है। बताते चलें कि मृतक भाई में अकेला था और तीन बहनों में एक बहन की शादी हुई थी।
घटना के संबंध में जानकारी देते हुए पूर्व मुखिया अनिता देवी, पंचायत समिति सदस्य नीलम देवी, अमरनाथ यादव व धर्मेंद्र दास ने पीड़ित परिवार के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त की है। इस संबंध में साहरघाट थानाध्यक्ष विजय पासवान ने कहा कि घटना की जानकारी मिली है। जांच कर कार्रवाई की जाएगी।








