
खुटौना, मधुबनी देशज टाइम्स ब्यूरो। प्रखंड के नहरी पंचायत अन्तर्गत बेला गांव में बीते शुक्रवार की संध्या सिलेंडर के फटने से फूस के घर में भीषण आग लग गई जिससे पीड़ित परिवार को भारी आर्थिक नुकसान पहुंचा।
मिली जानकारी के मुताबिक बेला गांव निवासी चंदे मंडल की पत्नी विमला देवी (42) रात्रि भोजन बनाने हेतु जब गैस चूल्हे को जलाने लगी तभी सिलेंडर से हो रहे रिसाव के कारण आग लग गयी। देखते-ही-देखते आग ने पूरे घर को अपने आगोश में ले लिया। विस्फोट इतना तगड़ा था कि जब गैस सिलेंडर फटा तो उसका ऊपरी हिस्सा निकट के ट्रांसफर्मर से टकराकर एक अन्य व्यक्ति के एस्बेस्टस पर जा गिरा जिससे एस्बेस्टस पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।
ग्रामीण सुमन कुमार तथा संजय कुमार शौर्य ने बताया कि ऐसा भयावाह मंजर पहले कभी नहीं देखा ।बिजली नहीं रहने से एक बड़ा खतरा टल गया। पीड़ित महिला विमला देवी ने बताया कि एलपीजी सिलेंडर उज्ज्वला योजना के तहत भारत गैस का कनेक्शन उमा इंटरप्राइजेज खुटौना से लिया था।
उसने बताया कि आग लग जाने से कैश सहित आटा, दाल, चावल तथा गेंहू इत्यादि मिलाकर ढाई लाख रुपए की सम्पत्ति जलकर राख हो गई। मुंबई से मेरा बेटा घर आया था और आग से घर जलकर राख हो गया। वहीं आग को बुझाने के क्रम में महिला के पति चंदे मंडल के हाथ जल गये। हालांकि वक्त रहते सबको बचा लिया गया।





