फोटो :- बेनीपट्टी पीएचसी से घायल को इलाज के लिए मधुबनी ले जाते परिजन
बेनीपट्टी, मधुबनी देशज टाइम्स। अरेर थाना क्षेत्र के धकजरी से चननपुरा जाने के दौरान चननपुरा कचरी रोड मार्ग में ई-रिक्शा पलट जाने से चार लोग जख्मी हो गए हैं।
घायलों की पहचान चननपुरा गांव के वीरेंद्र झा की पत्नी केसरी देवी, सुजीत झा की पत्नी संगीता देवी, महेंद्र झा की पत्नी मंजू देवी और स्व. मिथिलेश झा की पत्नी रीना देवी के रूप में की गयी है। बताया जा रहा है कि सभी लोग ई-रिक्शा रिजर्व कर धकजरी से जनवितरण विक्रेता के यहां से अनाज लेकर वापस चननपुरा लौट रहे थें।
ई-रिक्शा पर चार लोगों के अलावा कई क्विंटल खाद्यान लोड था। क्षमता से अधिक लोड रहने के कारण ई-रिक्शा चननपुरा कचरी रोड मार्ग में अनियंत्रित होकर गड्ढे में जा पलटी। घटना में ई-रिक्शा पर सवार सभी लोगों को काफी चोटें आयीं। साथ ही लोड सभी अनाज इधर-उधर बिखर गए।
दुर्घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय लोग जुटे और सबों के सहयोग से परिजन घायलों को इलाज के लिए प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र बेनीपट्टी लाया। जहां गंभीर रूप से घायल केसरी देवी की हालत नाजुक देख चिकित्सक ने समुचित इलाज के लिए मधुबनी भेज दिया। वहीं अन्य घायलों का इलाज भी कहीं चल रहा है।