
मुख्य बातें
जनादेश से विश्वासघात के विरोध में भाजपा का धरना प्रदर्शन
फोटो : प्रखंड परिसर में धरना पर बैठे भाजपा नेता
घोघरडीहा,मधुबनी देशज टाइम्स ब्यूरो। जनादेश से विश्वासघात के विरोध में प्रखंड परिसर में भाजपा प्रदेश कार्यसमिति सदस्य राकेश मिश्रा के नेतृत्व में बीजेपी नेताओं ने शनिवार को एक दिवसीय धरना-प्रदर्शन का आयोजन किया। प्रदेश कार्यसमिति सदस्य राकेश मिश्रा ने धरना प्रदर्शन को संबोधित करते हुए कहा कि हम सभी हर घर तिरंगा का जश्न मना रहे हैं, उधर नीतीश जी ने लोकतंत्र का ही गला घोंट दिया। नीतीश ने लालू से मिल कर जनमत का अपमान किया है।
उन्होंने कहा कि एक अकर्मण्य और एक भ्रष्टाचारी दोनों का नाश करेंगे बिहारी। प्रदेश महिला प्रभारी महिला मोर्चा अनिता यादव ने कहा कि बिहार की जनता आज सब देख रही है कि कैसे नीतीश कुमार ने जन समर्थन का अपमान किया है। उनका कृत्य लोकतंत्र के लिए खतरा है।वहीं भाजपा के जिला प्रवक्ता मनोज कुमार मनु ने कहा कि बिहार में नयी सरकार की भयावहता को वही समझ सकता है, जिसने बिहार में 1990 का दौर देखा हो। जो कभी अपने दम का सीएम नही बना, वह पीएम का सपना देख रहा है।
बच्चा बाबू कामत ने कहा कि बिहार के लोग काफी परिपक्व होते हैं राजनीतिक रूप से वे अपने आपको आज छला हुआ महसूस कर रहे हैं। धरना को विजय कांत चौधरी, हीरा नंद झा, प्रदीप कुमार सिंह, लालदेव कामत, विजय ठाकुर, विश्वनाथ भगत, नागेंद्र झा, देवचन्द्र महाराज, पवन झा आदि ने संबोधित किया। मौके पर तमाम नेता मौजूद थे।





