Madhubani Fire News: मधुबनी जिले के बासोपट्टी प्रखंड में मधुबनी के कटैया चौक पर स्थित एक ऑटो स्पेयर पार्ट्स की दुकान में मंगलवार दोपहर भीषण आग लग गई। इस अग्निकांड में व्यवसायी सतीश कुमार यादव को 10 लाख रुपये से अधिक का भारी नुकसान हुआ है। आग की लपटें इतनी भयानक थीं कि देखते ही देखते दुकान में रखा सारा कीमती सामान जलकर खाक हो गया।
देखते ही देखते धू-धूकर जल उठी दुकान
मंगलवार दोपहर करीब एक बजे सतीश ऑटो स्पेयर पार्ट्स की दुकान से अचानक आग की लपटें उठने लगीं। कुछ ही देर में आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और दुकान में रखे स्पेयर पार्ट्स तथा अन्य कीमती सामान धू-धूकर जलने लगे।
आसपास मौजूद लोगों में अफरातफरी मच गई। स्थानीय निवासियों ने आग बुझाने की कोशिश की, लेकिन आग की तेज लपटों के सामने उनकी कोशिशें नाकाफी साबित हुईं।
व्यवसायी को 10 लाख से अधिक का घाटा
आग लगने की सूचना मिलने के बाद अग्निशमन दल मौके पर पहुंचा। काफी मशक्कत के बाद टीम ने आग पर काबू पाया, लेकिन तब तक दुकान का अधिकांश सामान जलकर नष्ट हो चुका था।
पीड़ित व्यवसायी सतीश कुमार यादव के अनुसार, इस अग्निकांड में उन्हें दस लाख रुपये से अधिक की संपत्ति का नुकसान हुआ है। दुकान में रखे सभी स्पेयर पार्ट्स और अन्य कीमती सामान जल गए हैं। फिलहाल हुए नुकसान का सही आकलन किया जा रहा है।
शॉर्ट सर्किट से आग की आशंका, पुलिस जांच में जुटी
स्थानीय लोगों ने बिजली के शॉर्ट सर्किट को आग लगने का संभावित कारण बताया है। हालांकि, आग लगने के वास्तविक कारणों की आधिकारिक पुष्टि अभी तक नहीं हुई है। राहत की बात यह रही कि आग आसपास की अन्य दुकानों और आवासीय क्षेत्रों तक नहीं फैल पाई, जिससे बड़ा हादसा टल गया।
घटना की सूचना मिलते ही डायल 112 की पुलिस टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। थानाध्यक्ष कार्तिक भगत ने बताया कि पुलिस मौके पर मौजूद है और मामले में आगे की कार्रवाई की जा रही है।
अग्निकांड स्थल पर कई लोग भी पहुंचे। उन्होंने पीड़ित व्यवसायी सतीश कुमार यादव को सांत्वना दी और हरसंभव मदद का आश्वासन दिया।







