मधेपुर,मधुबनी देशज टाइम्स ब्यूरो। थाना क्षेत्र के सरौनी पुनर्वास स्थित बधार के एक खेत से मिट्टी में गाड़कर तस्करी के लिए रखी गई 257 बोतल में करीब 85 लीटर हरियाणा अधिकृत विदेशी शराब बरामद कर जब्त करने में कामयाबी हासिल की।
यह कार्रवाई पुलिस को मिली गुप्त सूचना के आधार पर थानाध्यक्ष हरि किशोर यादव के नेतृत्व में रविवार देर शाम की गई। तस्करों द्वारा तस्करी के लिए रखी गई सभी शराब की बोतलें प्लास्टिक के छह बोरी में पैक कर खेत में बनी मेड़ के किनारे मिट्टी में गाड़कर रखा गया था।






थानाध्यक्ष हरि किशोर यादव ने बताया कि गुप्त सूचना मिली थी कि मधेपुर पूर्वी पंचायत अंतर्गत मधेपुर चौधरी गाछी निवासी पूर्व के एक शराब कारोबारी के थाना क्षेत्र के सरौनी पुनर्वास के अपने दो भांजे के साथ मिलकर सरौनी पुनर्वास स्थित बधार में एक खेत में शराब गाड़कर रखा है। यह खेत आरोपी एक व्यक्ति से बटाई पर ले रखा है। थानाध्यक्ष ने बताया कि इसी सूचना पर सरौनी पुनर्वास स्थित खेत से मेड़ किनारे चौकीदारों की मदद से मिट्टी खोदकर भारी मात्रा में विदेशी शराब बरामद की गई।
इस छापेमारी अभियान में थानाध्यक्ष हरि किशोर यादव, एएलटीएफ प्रभारी एसआई अजय कुमार प्रसाद, एएसआई फहीम खां, एएसआई शम्भू कुमार सहित चौकीदार एवं अन्य पुलिस बल शामिल थे। थानाध्यक्ष ने बताया कि इस मामले में मधेपुर पूर्वी के बेचन राय एवं सरौनी पुनर्वास के रोहित कुमार उर्फ मोनू एवं सौरभ कुमार उर्फ साजन कुमार के विरूद्ध प्राथमिकी दर्ज की गई है। नामजद तीनों आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए सघन छापेमारी की जा रही है।








