

मधुबनी, देशज टाइम्स् ब्यूरो। शहर की सड़क पर भवन का मलवा या निर्माण सामग्री डाले जाने पर नगर निगम सख्त कार्रवाई का फैसला लिया है। ऐसे लोगों पर पांच हजार तक जुर्माना लगाया जायेगा। तत्काल इसतरह मलवा एवं निर्माण सामग्री सड़क पर रखने वालों को उसे हटाने के लिए 24 घंटे का अल्टीमेटम दिया गया है। सड़क पर इसतरह बार बार सामग्रियों को रखकर सड़क को बाधित करने वालों पर प्राथमिकी दर्ज करने का भी निर्णय लिया गया है।
इस निर्देश के सख्ती से अनुपालन के लिए निगम ने इसके लिए कार्य योजना तैयार की है। कार्य की जिम्मेदारी निगम के सिटी मैनेजर नीरज कुमार झा को दिया गया है। वहीं बिना निगम के अनुमति के किसी भी सड़क पर बांस बल्ला लगाकर किसी भी प्रकार के आयोजन करने पर भी संबंधित पर कार्रवाई की जाएगी। इसके लिए आयोजक से 25 हजार रुपया तक जुर्माने की वसूली की जा सकती है।
साथ ही सड़क जाम किए जाने के सुसंगत धाराओं के साथ प्राथमिकी भी दर्ज की जा सकती है। लगभग दो वर्षों से शिथिल पड़े निगम की गतिविधि तेज होने के बाद एक तरफ नागरिकों को खुशी भी हो रही है,सड़क को केवल अपनी जागीर समझने वालेा की परेशान बढ़ गयी है। खासकर ऐसे लोगों की परेशानी और अधिक बढ़ गई है जो निगम की निष्क्रियता के कारण रसूख बने हुए थे।
लोगों को दिया गया अल्टीमेटम
शनिवार को निगम के सिटी मैनेजर नीरज कुमार झा ने शहर के कई स्थानों का निरीक्षण किया, जहां पर भवन निर्माण से संबंधित सामान जैसे ईंट, बालू, स्टोन सहित अन्य सामानों को डंप किया गया था। ऐसे सभी लोगों को 24 घंटे के अंदर खाली किए जाने का निर्देश दिया गया है। उन्होंने बताया कि इसके लिए नागरिकों की ओर से लगातार शिकायत की रही है। इसी शिकायत के आलोक में ऐसे लोगों पर कार्रवाई के लिए व्यापक कार्य योजना तैयार किया गया है।
वहीं उन्होंने बताया कि एक बार सुधरने का मौका दिया जाएगा। निगम की ओर से अल्टीमेटम दिए जाने के बाद भी नहीं सुधरे तो हर हाल में कार्रवाई की जाएगी। साथ ही जुर्माना की राशि देने में यदि आनाकानी की जाती है, तो नए मकान मालिकों से होल्डिंग कायम किए जाने के दौरान जुमार्ने की वसूली की जाएगी। वहीं पुराने होल्डिंग धारकों के टैक्स में इसे जोड़ा जाएगा।
शिकायत के बाद हो रही कार्रवाई-
उप नगर आयुक्त अरूण कुमार ने बताया कि शहर की वतर्मान व्यवस्था में सुधार किया जा रहा है। सड़क पर लंबे समय तक मलबा जमा रखने की शिकायत लगातार नागरिकों की ओर से की जा रही है। साथ ही इसके कारण यातायात प्रभावित होने सहित आम जनजीवन प्रभावित हो रहा है।



