मुख्य बातें
बारिश कम हुई फिर भी घोघरडीहा नगर पंचायत की कई सड़कें कीचड़मय , पैदल चलना भी दुश्वार
फोटो देशज टाइम्स कैप्शन: नगरपंचायत स्थित हटनी घोघरडीहा की मुख्य सड़क
घोघरडीहा, मधुबनी देशज टाइम्स ब्यूरो। मानसून की बेरुखी से अभी कायदे से बरसात भी नही शुरू हुई है, लेकिन नगर पंचायत के अंदर की कई प्रमुख सड़कें कीचड़ में तब्दील होती दिख रही हैं।
सड़कों के लगातार खराब होने से बरसात के दिनों में आम आदमी की पीड़ा और बढ़ने वाली है। लेकिन इस अहम समस्या पर न तो नगर पंचायत के विकास के लिए मुख्य रूप से किसी भी जिम्मेदार पक्ष का ध्यान नहीं जा रहा है।
दरअसल पिछले कुछ वर्षों से नगर पंचायत के अंदर के सड़कों की कायाकल्प से जुड़ी कोई प्रभावी योजना जमीन पर नहीं उतर सकी। ऐसा नहीं कि नगर के विकास के नाम पर राशि खर्च नही की जा रही है। हर साल नगर बोर्ड की स्वीकृत योजनाओं पर करोड़ों रुपए का काम क्रियान्वित कराया जा रहा है लेकिन योजनाओं के चयन में अधिकांशतः सिर्फ नाली गली को ही तरजीह दी जा रही है।
जानकारों का मानना है कि दरअसल नाली गली की योजनाओं में शुभ लाभ की गुंजाइश काफी होती है तो साथ में वार्डों में इससे संबंधित पार्षदों का वोट बैंक भी मजबूत होता है। इस लंबी अवधि से काम नही होने से नगर पंचायत के अंदर की अधिकांश सड़कों की हालत भी बेहद खस्ताहाल हुई है।
ऐसे में जाहिर तौर पर नगरवासियों के साथ यहां आने वाले हजारों लोगों को प्रतिदिन भारी मुसीबतों का सामना करना पड़ रहा है। लंबी अवधि से त्रासदी झेल रहे नगर में इस दौरान कई दफे यहां स्थानीय नगर निकाय से लेकर विधानसभा व संसदीय नेताओं के चुनाव भी हुए लेकिन दुर्भाग्य से नगरपंचायत की सड़कों से जुड़ा महत्वपूर्ण मसला कभी प्रमुख चुनावी मुद्दा भी नही बन सका।
नगर की कई प्रमुख सड़कों की हालत पिछले कुछ वर्षों से लगातार खराब होती जा रही है, लेकिन इस पर किसी स्तर से कोई निदान नही निकाला जा रहा है। हटनी से घोघरडीहा जाने वाली मुख्य सड़क बुरी तरह से खस्ताहाल हुई है। बाजार से धर्मशाला तक जाने वाली सड़क तो झील में तब्दील हुई है। पेट्रोल पंप से इस्लामपुर जाने वाली सड़क का तो फिलहाल पता ही नही चल रहा ।बारिश होने पर उक्त रास्ते से पैदल चलना दुश्वार हो जाएगा। बरसात में नगर पंचायत की दर्जन भर सड़कों पर पैदल चलना भी मुहाल हो जाएगा।