

मधुबनी | प्यार में डूबे एक ऑटो चालक ने शादी के महज दो महीने बाद ही पत्नी के फरार हो जाने के गम में फांसी लगाकर अपनी जान दे दी। यह दिल दहला देने वाली घटना झंझारपुर प्रखंड के आरएस थाना क्षेत्र अंतर्गत पुरानी पोखर की है।
आर्केस्ट्रा में हुई मुलाकात, बना प्रेम संबंध
स्थानीय मजदूर बैजू साह के 20 वर्षीय पुत्र व ऑटो चालक राजा कुमार की मुलाकात दो माह पूर्व गांव में आयोजित एक आर्केस्ट्रा कार्यक्रम के दौरान कलाकार युवती अवंतिका से हुई। दोनों में नजदीकियां बढ़ीं और जल्द ही दोनों ने विवाह कर लिया।
शादी के दो माह बाद पत्नी फरार
विवाह के बाद अवंतिका कुछ समय तक पति के साथ रही, लेकिन अचानक घर से रफूचक्कर हो गई। इसके बाद वह वापस नहीं लौटी।
वियोग में फंदे से झूल गया पति
पत्नी के न लौटने से व्यथित राजा ने रविवार की शाम अपने घर में ही पत्नी के दुपट्टे से फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली।
पुलिस जांच में जुटी
घटना की जानकारी मिलते ही आरएस थाना पुलिस मौके पर पहुँची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए मधुबनी सदर अस्पताल भेज दिया। पुलिस मामले की छानबीन में जुट गई है।

