
फोटो : बेनीपट्टी में नगर निकाय चुनाव को लेकर मतदान केंद्र का भौतिक सत्यापन करते एसडीएम
बेनीपट्टी, मधुबनी देशज टाइम्स। नगर पंचायत चुनाव को लेकर बेनीपट्टी में प्रशासनिक कवायद काफी तेज हो गयी है। पहले वार्डों का गठन, उसके बाद वार्ड वाइज मतदाता का निर्धारण,अनुमंडल स्तर पर कोषांगों का गठन और आयोग द्वारा अनुमोदन के बाद वार्ड वाइज आरक्षण रोस्टर भी जारी कर दिया गया है।
इधर, इन सभी तैयारियों के बाद अब प्रशासन मतदान केंद्रों को सभी मूलभूत सुविधाओं से लैस करने के प्रयास में जुट गयी है।अधिकारी नगर पंचायत चुनाव को लेकर निर्धारित मतदान केंद्र का निरीक्षण करने में जुट गए हैं। शुक्रवार को निर्वाची पदाधिकारी (नगरपालिका) सह अनुमंडल पदाधिकारी अशोक कुमार मंडल ने दलबल के साथ नगर पंचायत के कई मतदान केंद्रों का भौतिक सत्यापन किया।
उन्होंने मतदान केंद्रों पर भवन की स्थिति, शौचालय, पेयजल, बिजली, रैंप और मतदान केंद्र पर पहुंचने वाले पहुंच पथ का जायजा लिया और मौजूद पदाधिकारियों एवं कर्मियों को कई आवश्यक निर्देश दिये। बता दें कि नगर पंचायत में कुल 22 वार्ड बनाये गए हैं। वहीं 24 भवन में कुल 37 मतदान केंद्र को स्थापित किया गया है।
निर्वाची पदाधिकारी (नगरपालिका) सह एसडीएम ने बताया कि जिला निर्वाचन पदाधिकारी (नगरपालिका) सह डीएम के निर्देश पर नगर पंचायत चुनाव को लेकर बनाये गए मतदान केंद्रों का निरीक्षण किया गया है। ताकि मतदान केंद्रों पर मतदान से पहले सभी सुविधाएं मुहैया करायी जा सके।
उन्होंने बताया कि जिन मतदान केंद्र पर जो भी कमी है, उसे दूर करने का निर्देश दिया गया है। निरीक्षण के समय कर्मी अमित कुमार तथा अनुमंडल कार्यालय के निर्वाचन शाखा में प्रतिनियुक्त शिक्षक ललित कुमार ठाकुर मौजूद थे।



You must be logged in to post a comment.