फोटो :फाइल फोटो कपड़ा व्यवसायी सह समाजसेवी शिव शंकर केजरीवाल
झंझारपुर, मधुबनी देशज टाइम्स ब्यूरो। नगर परिषद के झंझारपुर बाजार निवासी प्रसिद्ध कपड़ा व्यवसायी सह समाजसेवी शिव शंकर केजरीवाल का निधन दरभंगा स्थित एक निजी अस्पताल में शनिवार की अहले सुबह हो गया।






उनका अंतिम संस्कार शनिवार को कमला नदी तटबंध स्थित बैकुंठ धाम में किया गया। उनके ज्येष्ठ पुत्र किशन केजरीवाल ने मुखाग्नि दी। अपने जमाने के प्रसिद्ध व्यवसायी परमेश्वर लाल केजरीवाल के पुत्र थे। 82 वर्षीय स्व.केजरीवाल सात भाई दो बहन में सबसे बड़े थे।
वह अपने पीछे पांच पुत्र समेत पोते पोतियों से भरा पूरा परिवार छोड़ गए। स्व. केजरीवाल न केवल एक सफल व्यवसायी थे बल्कि कई सामाजिक संगठनों से जुड़े थे। मारवाड़ी समाज के साथ ही वे यहां के सभी तबकों में अच्छी पैठ रखने वाले एक जिंदादिल इंसान थे।
स्व.केजरीवाल के भतीजा अभिषेक केजरीवाल ने बताया कि वे कुछ समय से पेट की बीमारी से परेशान थे। उन्होंने यह भी बताया कि बड़े चाचा ने जीवन पर्यंत अपने वट वृक्ष समान फैले सम्पूर्ण परिवार को एकसूत्र में बांधे रखा। पूरे परिवार को व्यापार में जोड़कर सामाजिक कार्यों में भी अपना योगदान दिया।
उनके निधन पर सांसद रामप्रीत मंडल, स्थानीय विधायक सह पूर्व मंत्री नीतीश मिश्रा, पूर्व विधायक गुलाब यादव, विधान पार्षद अम्बिका गुलाब यादव, जिला परिषद अध्यक्ष बिंदु गुलाब यादव, शिक्षक डॉ. संजीव, श्याम मोहन कर्ण, सियाकांत वर्ण, मो. रिजवान, सदन वर्णवाल, सोहन शर्मा के अलावा परिवार के गोविंद प्रसाद केजरीवाल, पवन कुमार केजरीवाल सहित शहर के अन्य गणमान्य लोगों ने शोक संवेदना व्यक्त करते हुए आत्मा की शांति के लिए ईश्वर से प्रार्थना की है।








