

फोटो देशज टाइम्स कैप्शन: मदन पासवान (22), संजय पासवान (25), सुबोध साह (18 वर्षीय) की मौत पर कोहराम, युवकों के घर पर उमड़ी लोगों की भीड़
बिस्फी, मधुबनी देशज टाइम्स ब्यूरो। प्रखंड अंतर्गत पतौना ओपी क्षेत्र के बरदाहा गांव में शौचालय की टंकी में दम घुटने से तीन मजदूरों की दर्दनाक मौत हो गयी। घटना रविवार की सुबह घटित होना बताया गया है। इससे कोहराम मच गया।
जानकारी के अनुसार, मृतकों में विनोद पासवान के पुत्र 22 वर्षीय मदन पासवान व 25 वर्षीय संजय पासवान एवं नारायण साह के पुत्र 18 वर्षीय सुबोध साह शामिल हैं।

वहीं, दो मजदूर साहब पासवान और सूरज पासवान का इलाज मरबा के एक निजी अस्पताल में चल रहा है। घटना के बारे में मिली जानकारी के मुताबिक, कैलू पासवान के शौचालय की सैट्रिंग खोलने के लिए एक मजदूर पहले अंदर घुसा। इसके नहीं आने पर दूसरा, फिर तीसरा इस प्रकार पांचों मजदूर शौचालय की टंकी में घुसे। जब काफी देर होने के बाद भीतर से कोई आवाज नहीं आई तो बाहर खड़े लोगों को शंका हुई।
आनन-फानन में शौचालय के मुंह को जेसीबी से तोड़कर अंदर से पांचों मजदूरों को बाहर निकाला गया। पांचों मजदूरों को पास के एक निजी क्लीनिक में ले जाया गया। जहां गंभीर रूप से बेहोश हुए मदन, संजय और सुबोध साह को दरभंगा रेफर कर दिया गया। जहां इलाज के दौरान तीनों की मौत हो गयी।
घटना की सूचना मिलते ही बिस्फी थानाध्यक्ष राजकुमार राय, पतौना ओपी अध्यक्ष प्रह्लाद शर्मा, बीडीओ मनोज कुमार, सीओ श्रीकांत सिन्हा, स्थानीय विधायक हरिभूषण ठाकुर बचौल, मुखिया राजेंद्र पासवान, मुखिया प्रतिनिधि गणेश कुमार मौके पर पहुंच कर मामले की जानकारी ली।

सीओ श्रीकांत सिन्हा ने बताया कि सभी मृतकों के परिजनों को आपदा विभाग की ओर से चार-चार लाख की राशि दी जाएगी। घटना के बाद बरदाहा समेत पूरे प्रखंड में मातम छाया हुआ है।



You must be logged in to post a comment.