

Madhubani News: Reels बनाने के दौरान चली गोली…बड़ा खुलासा, मौत के खिलाफ शव के साथ सड़क पर बवाल। जहां, बेनीपट्टी में मोबाइल रील्स बनाने के दौरान चली गोली से मौत हुई इंदल के परिजनों ने मंगलवार की सुबह उमगांव के अंबेडकर चौक के निकट साहरघाट-जयनगर पथ और हरलाखी-बेनीपट्टी पथ को जाम कर दिया।
आक्रोशित परिजन गोलीकांड के आरोपितों की गिरफ्तारी और उचित मुआवजा की मांग कर रहे थे। इस दौरान स्थिति काफी तनावपूर्ण हो गयी थी। परिजनों का कहना था कि, इंदल के पेट में एक नहीं, बल्कि दो गोली मारी गयी थी। अब तक आरोपितों की गिरफ्तारी नहीं हुई है। परिजन काफी देर तक आरोपितों के घर पर बुलडोजर की कार्रवाई की मांग कर रहे थे।
उधर, सड़क जाम की सूचना मिलते ही हरलाखी एसएचओ जितेंद्र सहनी थाना के अन्य पुलिस पदाधिकारियों के साथ मौके पर पहुंच कर परिजनों को काफी समझाने का प्रयास किया, लेकिन, परिजन मांग पर डटे हुए थे। जाम खाली नहीं होने पर इसकी सूचना वरीय अधिकारियों को दिया गया।
इसके बाद मौके पर हरलाखी बीडीओ व सीओ पहुंच कर मृतक के परिजनों से वार्त्ता कर जाम को खाली कराया। पदाधिकारियों ने परिजनों को आश्वासन दिया कि, जल्द ही आरोपियों पर कार्रवाई की जाएगी। उचित मुआवजा के लिए पहल की जाएगी।
इसके बाद परिजनों ने जाम को खत्म कर दिया। जाम खुलने के बाद फंसे वाहन चालकों ने राहत की सांस ली। गौरतलब है कि सोमवार को हरलाखी थाना क्षेत्र के उमगांव में रील्स बना रहे तीन दोस्तो में सहदेव गुप्ता के पुत्र इंदल गुप्ता की मौत गोली लगने से हो गयी।
इंदल के गोली लगते ही दोनों दोस्त छोड़कर फरार हो गए। स्थानीय लोगों ने पीएचसी में भर्ती कराया। जहां सदर अस्पताल रेफर किया गया, लेकिन, इंदल ने रास्ते में ही दम तोड़ दिया। उधर, घटना की सूचना पर डीएसपी निशिकांत भारती ने भी घंटनास्थल का जायजा लिया और पुलिस को कार्रवाई के निर्देश दिए।



