मुख्य बातें
दूसरी सोमवारी को बाणेश्वर स्थान समेत सभी शिवालयों में उमड़ी श्रद्धालुओं की भीड़
फोटो:- बेनीपट्टी के बर्री स्थित बाबा वाणेश्वरनाथ महादेव मंदिर परिसर में लगा मेला
बेनीपट्टी, मधुबनी देशज टाइम्स ब्यूरो। बेनीपट्टी के सभी शिवालयों में स्थापित शिवलिंगों पर दूसरी सोमवारी को जलाभिषेक को लेकर अहले सुबह से ही श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ने लगी, जो शाम तक जमी रही। श्रद्धालुओं का जत्था घंटों तक शिवालय परिसरों में कतारबद्ध होकर बोल बम और हर हर महादेव का जयघोष करते रहे।






इस दौरान बेनीपट्टी मुख्यालय स्थित बाबा विश्वम्भर नाथ महादेव, ब्रह्मपुरा के हरिहरनाथ महादेव, बाणेश्वर नाथ महादेव, शिवनगर गांव स्थित गांडीवेश्वरनाथ महादेव मंदिर में भारत व पड़ोसी राष्ट्र नेपाल से आये हजारों श्रद्धालुओं ने बछराजा, कमला, धौंस व अधवारा समूह की विभिन्न सहायक नदियों से पवित्र जल लेकर बाबा भोलेनाथ के शिवलिंगों पर जलाभिषेक किया और विधिवत पूजा अर्चना कर मनोवांक्षित वर मांगे।
साथ ही बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने उच्चैठ स्थित मां छिन्नमस्तिका की भी पूजा अर्चना कर आशीर्वाद मांगा। इस अवसर पर लाल और केसरिया रंग के कपड़ों में सजे भक्तों से पूरा शिवालय परिसर पटा रहा। वहीं बोल बम और हर हर महादेव के जयकारों से वातावरण गुंजायमान बना रहा।
बड़ी संख्या में बच्चे, युवा और महिलाओं ने शिवलिंगों पर जलार्पण व दुग्धाभिषेक कर बाबा भोलेनाथ से मनोवांक्षित वर मांगे। दूसरी ओर सोमवारी के अवसर पर जुटने वाली अप्रत्याशित भीड़ को देखते हुए कई मंदिर परिसरों में आकर्षक विशालकाय पंडाल का निर्माण मंदिर प्रबंधन के द्वारा करवाया गया था। शुद्ध पेय जल के लिये कई चापाकल भी लगवाये गये थे। वहीं सभी शिवालयों की सुरक्षा व्यवस्था की कमान स्थानीय थाना पुलिस संभाल रही थी।








