
मुख्य बातें
जिले में भी आयोजित हुआ कार्यक्रम जुड़े कई पदाधिकारी
फोटो :मधुबनी में आयोजित कार्यक्रम में भाग लेते सिविल सर्जन व अन्य
मधुबनी देशज टाइम्स। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने शुक्रवार को प्रधानमंत्री टीबी मुक्त भारत अभियान का वर्चुअल शुभारंभ किया। इसका उद्देश्य देश से 2025 तक क्षय रोग (टीबी) का उन्मूलन करना है। राष्ट्रपति के इस वर्चुअल कार्यक्रम का आयोजन जिले में भी किया गया कार्यक्रम के तहत जिले से सिविल सर्जन डॉ सुनील कुमार झा,सीडीओ डॉक्टर जीएम ठाकुर सहित अन्य कर्मी जुड़े रहे।
टीबी उन्मूलन के लिए चल रहा अभियान- 
जिला यक्ष्मा अधिकारी डॉ. जीएम ठाकुर ने बताया कि केंद्र सरकार ने 2025 तक देश को टीबी रोग से मुक्त करने का लक्ष्य रखा है। इसके लिए जिले में जिला यक्ष्मा केंद्र का टीबी के खिलाफ मजबूती से अभियान चल रहा है। इसके लिए सदर अस्पताल से लेकर अन्य स्वास्थ्य केंद्रों पर शिविर लगाकर लोगों की नियमित जांच की जा रही है। ईंट-भट्ठों, झुग्गी झोपड़ियों, धूल-मिट्टी से भरे कार्य स्थलों पर भी समय-समय पर जांच शिविर भी लगाया जा रहा है। अगर जांच में टीबी रोग के लक्षण मिलते हैं, तो उनका इलाज शुरू किया जाता है। उसकी पूरी जानकारी निक्षय पोर्टल पर भी दी जाती है।
आम लोग भी करें सहयोग
डॉ0जीएम ठाकुर ने बताया कि जिले में टीबी की विश्वसनीय जांच व सम्पूर्ण इलाज की सुविधा उपलब्ध है। इसीलिए जैसे ही आपको टीबी के लक्षण दिखे, न घबराएं व शर्माएं। सीधे निकटतम स्वास्थ्य केन्द्र पर जाएं और डॉक्टर से सलाह व मुफ्त में दवा लेकर इसका सेवन शुरू कर दें।
अधिक से अधिक लोग टीबी के लक्षणों के बारे में जानें और अपने आसपास रहने वाले लोगों में यदि कोई लक्षण दिखे तो जांच के लिए प्रेरित करें। इससे हमें अपने लक्ष्य को पूरा करने में मदद मिलेगी। टीबी उन्मूलन के लिए आम लोगों का सहयोग आवश्यक है।



You must be logged in to post a comment.