Madhubani News| दिन शनिवार, समय ठीक 12 बजे…जयनगर में गोली मारकर हत्या। जहां, मधुबनी में पिछले कुछ महीनों से क्राइम का ग्राफ लगातार बढ़त बनाये हुए है। अपराधी बेलगाम हो गए हैं। दिन दहाड़े बड़े-बड़े आपराधिक घटनाओं को अंजाम देकर चलते बनते हैं, जैसे उनके अंदर पुलिस का कोई खौफ ही न हो। इसी क्रम में शनिवार दिन अपराधियों ने एक व्यक्ति की गोली मारकर हत्या कर दी और भाग निकले।
घटना दिनदहाड़े 12 बजे दिन के आसपास जयनगर थाना क्षेत्र के कुआर छपराढी गांव में मुख्य सड़क पर घटित हुई है। बताया जाता है कि स्कूटी पर सवार अपराधियों ने एक शख्स पर फायरिंग कर चलते बने। गोली लगने के बाद शख्स सड़क पर गिर पड़ा, जिसके बाद उसकी मौत हो गई।
गोली चलने की आवाज पर पास के खेत में घास काट रही महिलाएं डर के मारे गिरते पड़ते जान बचाने के लिए भाग खड़ी हुईं। सूचना पाकर पहुंचे जयनगर के एसडीपीओ विप्लव कुमार थाना पुलिस के साथ मामले की छानबीन में जुट गए हैं।पुलिस घटनास्थल की ओर जाने वाले मार्गों में लगे सीसीटीवी को खंगालने में जुटी है।
वहीं, घटना स्थल पर फॉरेंसिक टीम को जांच करने के लिए बुलाया गया है। अब तक मृतक की पहचान नहीं हो पाई है। इस बाबत जयनगर एसडीपीओ विप्लव कुमार ने बताया कि मृतक की फोटो को शिनाख्त के लिए आसपास के थानों को भेजा गया। पुलिस घटना के छानबीन में जुट गई है।जल्द ही अपराधियों को दबोच लिया जाएगा।