
मोतिहारी से इस वक्त की बड़ी खबर है जहां अपराधियों ने एक बाइक सवार को निशाना बनाकर उसे गोली का निशाना बनाया। इस दौरान तीन अपराधियों ने दनादन गोली मारी। संयोग था कि गोली बाइक की पेट्रोल टंकी में लगी जिससे दो युवकों की जान बाल-बाल बच सकी।
मामला, जिले के पिपरा कोठी थाना क्षेत्र स्थित मठबनवारी चौक के समीप का है, जहां गुरुवार की रात करीब दस बजे बाइक सवार दो लोगों को निशाना बनाते हुए अपराधियों ने उन पर गोली चला दी। जिसमें बाइक पर सवार दोनों युवक बाल बाल बच गए। जबकि गोली बाइक के टंकी में जा लगी।
जानकारी के अनुसार केसरिया थाना क्षेत्र के सागर चुरामन गांव निवासी धर्मेन्द्र यादव व चंचल सिंह रात्रि करीब 10 बजे अपने बाइक पर सवार होकर पिपरा कोठी चंचल सिंह के भाई को लाने जा रहे थे।
इसी दौरान कोटवा थाना क्षेत्र के कदम चौक से बाइक पर सवार तीन बदमाशों ने पीछा करना शुरू कर दिया और मठबनवारी चौक के पास पहुंचते ही गोली चला दी, जो बाइक की टंकी में जा लगी। दोनों युवकों के शोर मचाने पर बदमाश वहां से फरार हो गए। इस घटना को लेकर दोनों युवाकों ने स्थानीय थाना में अज्ञात बदमाशों के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई है।







