- Advertisement -
मुजफ्फरपुर, देशज न्यूज। बिहार की राजधानी पटना से लगभग सौ किलोमीटर उत्तर मुजफ्फरपुर शहर में करीब दो हफ्ते पहले एक लड़की के साथ दुष्कर्म का प्रयास किया गया जिसमें विफल रहने पर उसे जिंदा जला दिया गया जिससे वह 90 फीसदी झुलस गयी थी । इसी महीने 17 दिसम्बर को उसकी की मौत हो गई। पीड़ित परिवार की पृष्ठभूमि बेहद साधारण है। आए दिन मिल रही धमकियों से डरे- सहमे इस पीड़ित परिवार ने अपना घर और जमीन बेच कर मुजफ्फरपुर शहर छोड़ दिया ।
मुजफ्फरपुर में युवती के साथ हुई इस घटना के विरोध में राज्य भर में लोगों ने पीड़िता को इंसाफ दिलाने के लिए प्रदर्शन किए। पुलिस ने घटना के बाद त्वरित कार्रवाई करते हुए दोषी को गिरफ्तार भी कर लिया, लेकिन इस घटना के बाद युवती के परिजन बेहद डरे सहमे थे। पुलिस की संवेदनहीनता की भेंट चढ़ी लड़की ने घटना के पूर्व चार बार थाने जाकर अधिकारियों से आरोपी के बारे में शिकायत की थी लेकिन पुलिस तब जागी जब लड़की अपना सब कुछ खो चुकी थी। इससे सहमे परिवार के लोगों ने घर और जमीन बेचकर बाहर जाने का मन बना लिया ।
जमीन और घर बेचना है मजबूरी
युवती की मां ने कहा कि बड़ी बेटी सीतामढ़ी में नर्स है और दामाद औराई में काम करते हैं। ऐसे में दोनों बच्चे घर पर खतरे के बीच अकेले रहेंगे। उन्होंने कहा कि केस दर्ज कराने के बाद आरोपी के साथी एसकेएमसीएच की आईसीयू तक पहुंच गए थे। अस्पताल पहुंचकर उन्होंने धमकी भी दी। उन्होंने कहा कि पुलिस अधिकारियों के सामने भी आरोपी के पक्ष की पैरवी करने आए एक सफेदपोश ने धमकाते हुए कहा था कि उस परिवार से भिड़े हो तो इलाके में रहना मुश्किल होगा। ऐसे में अब अहियापुर इलाके में रहना मुश्किल होगा, इसलिए जमीन और घर बेचना मजबूरी है। इधर, अपर सचिव ने पीड़िता की मां को गृह जिले में ट्रांसफर करने का आश्वासन दिया है।
क्या है मामला
7 दिसंबर को मुजफ्फरपुर के अहियापुर में प्रॉपर्टी डीलर राजकिशोर राय के बेटे राजा राय ने पीड़िता के घर में घुसकर उसके साथ दुष्कर्म करने की कोशिश की थी । काफी देर तक वह युवती से दुष्कर्म करने की कोशिश करता रहा, लेकिन नाकाम रहने पर उसने केरोसिन डालकर युवती को जिंदा जला दिया। युवती को एक निजी नर्सिंग होम में भर्ती कराया गया जहां डॉक्टरों ने बताया कि वह करीब 85% तक जल गई है। युवती 10 दिनों तक जिंदगी की जंग लड़ती रही अंततः पटना के अपोलो बर्न होस्पीटल में उसने दम तोड़ दिया

- Advertisement -








You must be logged in to post a comment.