मुजफ्फरपुर के जजुआर में डायल-112 पुलिस वाहन ने दो छात्राओं को रौंदा। ऑन द स्पॉट ही दोनों की दर्दनाक मौत। ग्रामीणों का उग्र विरोध।@देशज टाइम्स। जिले के जजुआर थाना क्षेत्र में गुरुवार को डायल-112 सेवा की तेज रफ्तार पुलिस गाड़ी ने दो मासूम छात्राओं को रौंद डाला। यह घटना मध्य पंचायत हाईस्कूल के पास हुई, जब दोनों छात्राएं स्कूल से छुट्टी के बाद सड़क किनारे नाश्ते की दुकान पर खड़ी थीं।
घटना में जान गंवाने वाली छात्राएं
नाम | पिता का नाम | उम्र | विद्यालय | स्थिति |
---|---|---|---|---|
किरण कुमारी | मोहम्मद असगर | लगभग 14 वर्ष | मध्य पंचायत हाईस्कूल | मृत |
नेहजबी कुमारी | मोहम्मद असगर | लगभग 13 वर्ष | मध्य पंचायत हाईस्कूल | मृत |
परिजनों ने बताया कि दोनों बहनें स्कूल से लौटने के बाद नाश्ते के लिए रुकी थीं, तभी यह भीषण हादसा हुआ। हादसे के बाद उन्हें डीएमसीएच ले जाया गया, लेकिन दोनों ने रास्ते में ही दम तोड़ दिया।
स्थानीय लोगों का गुस्सा फूटा
लोगों ने घटनास्थल पर पहुंची पुलिस टीम को घेर लिया और उग्र प्रदर्शन शुरू कर दिया।गांव के मुखिया सुमन नाथ ठाकुर ने पीड़ित परिवार के समर्थन में धरना दिया और निष्पक्ष जांच की मांग की। आरोप लगाया गया कि वाहन अनियंत्रित और अत्यधिक तेज गति में था। गाड़ी एक घर की दीवार तोड़ते हुए खेत में जा गिरी।
चालक पर नशे में होने का आरोप
प्रत्यक्षदर्शियों ने दावा किया कि चालक नशे में था, जिससे यह हादसा हुआ। घटना के बाद स्थानीय लोगों ने चालक के साथ हाथापाई भी की। पुलिस ने इस आरोप की पुष्टि नहीं की है, लेकिन ग्रामीण एसपी विद्या सागर ने जांच का भरोसा दिया है।
पुलिस का बयान और जांच की स्थिति
SP विद्या सागर ने बताया कि डायल-112 की टीम एक इन्वेंट की सूचना पर रवाना हुई थी और रास्ते में यह दुर्घटना घटी। प्रारंभिक जांच में घटना को चालक की लापरवाही माना गया है। वाहन किसी निजी चालक द्वारा चलाया जा रहा था जिसे पुलिस ने नियुक्त किया था।
ग्रामीणों की मांगें
मृतक छात्राओं के परिवार को मुआवजा और नौकरी दी जाए। दोषी चालक को गिरफ्तार कर कड़ी सजा दी जाए। डायल-112 सेवा में तैनात चालकों के लिए सख्त प्रशिक्षण और मेडिकल जांच की व्यवस्था हो।