

बेगूसराय/पटना, देशज न्यूज। अपराधियों ने दिनदहाड़े बेगूसराय व पटना में लूट की घटना को अंजाम दिया है। अपराधियों ने हथियार के बल पर बेगूसराय में एक जेवर दुकान से लाखों के जेवरात लूट लिए हैं वहीं राजधानी पटना से सटे मनेर में अपराधियों ने शुक्रवार को एफसीआई कर्मचारी से दो लाख रुपए लूट लिए। पुलिस ने बताया कि बाइक सवार अपराधियों ने इस घटना को अंजाम दिया था।
जानकारी के अनुसार, बेगूसराय में तेघड़ा बाजार में अपराधी गोलियां चलाते रहे और महज 500 मीटर दूर स्थित थाने में मौजूद पुलिस कोई कार्रवाई नहीं कर सकी व दुकान से करीब 50 लाख से अधिक के जेवारत लूटकर अपराधी चलते बने। लूट की वारदात महज थाना से 500 मीटर की दूरी पर दिन के 2:30 से 3:00 के बीच दी गई।
लूट के दौरान अपराधियों ने ताबड़तोड़ फायरिंग भी की। गनीमत यह, दुकानदार बाल-बाल बच गया। पुलिस ने घटनास्थल से चार खोखा भी बरामद किया है। अपराध की इस घटना के बाद जहां लोगों में दहशत है वहीं लोग पुलिस की कार्यशैली पर भी सवाल खड़े कर रहे हैं।
वहीं,मनेर थाना क्षेत्र के आजादनगर की है। पुलिस के अनुसार कर्मचारी बैंक से पैसे निकालकर जा रहा था, तभी अपराधियों ने उसे लूट लिया । सूचना देने के एक घंटे के बाद पुलिस घटनास्थल पर पहुंची। पीड़ित शंकर साव का कहना है कि पुलिस जब पहुंची तब तक अपराधी यहां से फरार हो गए थे। बताते चलें कि यहां पर ही कुछ दिन पहले अपराधियों ने एक व्यवसायी से तीन लाख रुपए लूट लिए थे । घटना के दो सप्ताह के बाद भी पुलिस इस मामले संलिप्त अपराधियों को गिरफ्तार नहीं कर पायी है।



