पटना। कोविड टीकाकरण महा अभियान के तहत 17 सितम्बर को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के जन्मदिन पर बिहार में रिकॉर्ड टीकाकरण के लिए मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने बिहारवासियों को बधाई दी है।
मुख्यमंत्री ने शनिवार को एक संदेश के जरिये बिहारवासियों को कहा कि 17 सितंबर को आयोजित कोविड टीकाकरण महाअभियान के तहत 30 लाख 67 हजार 918 लोगों का टीकाकरण कर बिहार ने एक नया स्वर्णिम अध्याय लिखा है।
उपलब्ध आंकड़ों के अनुसार पूरे देश में चलाये गये कोविड टीकाकरण महा अभियान में बिहार पूरे देश में प्रथम स्थान पर रहा है।
मुख्यमंत्री ने कहा है कि कोरोना टीकाकरण महा अभियान के तहत बिहार में 17 सितंबर को 30 लाख टीका लगाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया था लेकिन बिहार ने इस लक्ष्य को पार करते हुए 30 लाख 67 हजार 918 लोगों का टीकाकरण किया है, जो अपने आप में एक बड़ी उपलब्धि है।
कोरोना टीकाकरण महा अभियान को सफल बनाने के लिए बिहारवासियों एवं खासकर स्वास्थ्य विभाग को बधाई देता हूं। उम्मीद करता हूं कि स्वास्थ्य विभाग आगे भी इसी मनोयोग के साथ निरंतर काम करता रहेगा।
उल्लेखनीय है कि देशभर में शुक्रवार को प्रधानमंत्री मोदी के जन्मदिन के मौके पर स्पेशल वैक्सीनेशन ड्राइव चलाया गया था। इसका मुख्य मकसद अधिक से अधिक लोगों को कोरोना टीका लगाना था।