

पटना जदयू मुख्यालय स्थित कर्पूरी सभागार में आयोजित मिलन समारोह में प्रदेश अध्यक्ष उमेश सिंह कुशवाहा ने पूर्व आईजी डाॅ. बिनोद कुमार चौधरी को उनके समर्थकों समेत पार्टी की सदस्यता दिलाई। इस दौरान जाप, वीआईपी एवं राजद के अन्य कई नेताओं ने भी जदयू की सदस्यता ग्रहण की।
इनमें जाप के प्रदेश महासचिव अखिलेश यादव, वीआईपी के बक्सर जिला अध्यक्ष शिवजी चौधरी, राजद के मधेपुरा जिला महासचिव एवं मुखिया मो जलील, सामाजिक कार्यकर्ता रिंकी शर्मा सहित कई नेता शामिल हैं।
प्रदेश अध्यक्ष उमेश सिंह कुशवाहा ने सभी नेताओं का जदयू परिवार में स्वागत करते हुए कहा कि आप सबके आने से संगठन और मजबूत और बेहतर बनेगा। पार्टी सबके मान-सम्मान का पूरा ध्यान रखेगी। उन्होंने मुख्यमंत्री की जमकर तारीफ करते हुए कहा कि पिछले 16 साल में नीतीश ने बिहार की तस्वीर और तदबीर दोनों को बदलकर रख दिया है। उन्होंने समाज के हर तबके का विकास सुनिश्चित किया।
कुशवाहा ने कहा कि जदयू के संगठन में भी समाज के सभी तबकों की भागीदारी है और उनमें भी एक तिहाई महिलाएं हैं। हमारा मिशन 2024 के लोकसभा एवं 2025 के विधानसभा चुनाव में जदयू की सौ फीसदी सफलता सुनिश्चित करना है। आने वाला समय जदयू का होगा, इसमें कोई दो राय नहीं। उन्होंने मणिपुर विधानसभा चुनाव में पार्टी को मिली शानदार सफलता पर शीर्ष नेतृत्व समेत सभी कार्यकर्ताओं को बधाई दी।
पूर्व आईजी डाॅ बिनोद कुमार चौधरी ने कहा कि उन्होंने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की नीतियों, सिद्धांतों एवं विचारों से प्रभावित होकर जदयू में आने का फैसला किया। उन्होंने कहा कि जनसेवा के लिए जदयू से बेहतर कोई विकल्प नहीं। वे दल के कार्यक्रमों में पूरी आस्था और सक्रियता रखेंगे।
इस मौके पर विधानपार्षद सह प्रदेश कोषाध्यक्ष ललन सर्राफ, विधायक निरंजन मेहता, पूर्व मंत्री सह अनुसूचित जाति प्रकोष्ठ के प्रदेश अध्यक्ष संतोष निराला, मुख्यालय महासचिव मृत्युंजय कुमार सिंह सहित अन्य नेता मौजूद रहे।



