

बिहार में जदयू को मजबूत करने के लिए प्रदेश अध्यक्ष उमेश सिंह कुशवाहा ने प्रदेश पदाधिकारियों की टीम में नये सदस्यों को जगह दी है। पहले से बनी हुई पदाधिकारियों की लिस्ट में कई नाम जोड़े गए हैं।
प्रदेश अध्यक्ष उमेश सिंह कुशवाहा की ओर से सोमवार को जारी लिस्ट के अनुसार 6 प्रदेश उपाध्यक्ष नियुक्त किए हैं। इनमें विधान पार्षद राधाचरण शाह के अलावा पूर्व मंत्री मुनेश्वर चौधरी और पार्टी के पुराने नेता निहोरा प्रसाद यादव भी शामिल हैं। पूर्व विधायक महेश्वर यादव और विक्रम कुवंर को भी प्रदेश उपाध्यक्ष बनाया गया है।
पार्टी की ओर से जारी लिस्ट के अनुसार 24 प्रदेश महासचिव, 26 प्रदेश सचिव के साथ चार प्रदेश प्रवक्ता भी नियुक्त किए गए हैं। प्रदेश महासचिव की लिस्ट में विधान पार्षद रीना यादव के साथ-साथ पूर्व विधायक वशिष्ठ सिंह और हेम नारायण शाह शामिल हैं। पूर्व विधायक प्रदीप सिंह को भी प्रदेश महासचिव बनाया गया है। कांग्रेस के दिग्गज नेता रहे सदानंद सिंह के बेटे शुभानंद मुकेश को भी प्रदेश महासचिव नियुक्त किया गया है।
इसके अलावा एल. प्रकाश सिंह और अन्य नेताओं को भी प्रदेश महासचिव बनाया गया है। प्रदेश सचिव की लिस्ट में कई ऐसे नेताओं को एडजस्ट किया गया है जो फिलहाल संगठन में किसी पद पर नहीं थे। इनमें नंदकिशोर कुशवाहा, अंजुम आरा, राजू गुप्ता, डॉक्टर सुनील कुमार सिंह, सुशील उपाध्याय शामिल हैं।
वहीं, सहरसा जिले के जदयू संगठन मे सक्रिय भूमिका निभाने वाले युवा समाजसेवी अक्षय झा को प्रदेश महासचिव बनाये जाने पर जिलेवासियो मे हर्ष व्याप्त है।श्री झा मृदुभाषी मिलनसार सौम्य छवि व्यक्तित्व के कारण राजनीति में काफी सक्रिय रहे हैं। कई कार्यक्रम मे सीएम सहित मंत्री के मंचो पर काफी सक्रियता भूमिका भी निभाते रहे हैं।
स्थानीय स्तर पर लोगो के समस्याओ के समाधान के प्रयत्नशील रहते हुए प्रदेश स्तर बिहार की राजनीति में श्री झा महत्वपूर्ण योगदान देते रहे है।श्री झा इससे पूर्व रेलवे निगरानी सदस्य के तौर पर रेलवे से जुड़ी समस्या को भी रेल विभाग के सामने उजागर कर समाधान के लिए प्रयत्नशील रहे। नव मनोनीत प्रदेश महासचिव अक्षय झा सुपौल ज़िले के बरुवारी निवासी हैं। जदयू प्रदेश अध्यक्ष ने 6 प्रदेश उपाध्यक्ष, 24 महासचिव, 26 सचिव तथा 4 प्रदेश प्रवक्ता मनोनीत किया है।

