Nepal AIG Dismissal: नेपाल में सशस्त्र प्रहरी बल (एपीएफ) के अतिरिक्त महानिरीक्षक (एआईजी) बंशी राज दाहाल को सेवा से बर्खास्त कर दिया गया है। संवेदनशील सुरक्षा सूचनाएं लीक करने और आचरण नियमों के गंभीर उल्लंघन के आरोप में उन पर यह कड़ी कार्रवाई की गई। इस बड़े फैसले ने देश के सुरक्षा हलकों में हड़कंप मचा दिया है।
गृह मंत्रालय ने दाहाल की बर्खास्तगी की पुष्टि की है। मंत्रालय के प्रवक्ता आनंद काफ्ले ने बताया कि बंशी राज दाहाल के खिलाफ विभागीय कार्रवाई की गई, जिसके बाद उन्हें पद से हटा दिया गया। मंत्रालय की ओर से जारी बयान में यह भी स्पष्ट किया गया कि बर्खास्तगी का यह निर्णय शुक्रवार देररात से प्रभावी हो चुका है।
AIG बंशी राज दाहाल पर क्या थे आरोप?
सशस्त्र प्रहरी बल के वरिष्ठ अधिकारी बंशी राज दाहाल पर संवेदनशील सुरक्षा जानकारी को बाहर लीक करने का आरोप था। इसके साथ ही, उन पर संगठन के आचरण नियमों का उल्लंघन करने का भी दोष सिद्ध हुआ। ये आरोप राष्ट्रीय सुरक्षा के लिए बेहद गंभीर माने जाते हैं, जिसके चलते तत्काल और सख्त कार्रवाई आवश्यक हो गई थी।
गृह मंत्रालय के प्रवक्ता आनंद काफ्ले ने पुष्टि की है कि ‘दाहाल के खिलाफ विभागीय कार्रवाई करते हुए उन्हें बर्खास्त किया गया है। बर्खास्तगी का निर्णय शुक्रवार देररात से प्रभावी हो गया है।’
दाहाल को पहले ही इस मामले में निलंबित कर दिया गया था। सरकार ने 5 अक्टूबर को उन्हें उनके पद से निलंबित कर दिया था, ताकि मामले की निष्पक्ष जांच की जा सके। जांच पूरी होने के बाद अब उन पर अंतिम कार्रवाई की गई है, जो सुरक्षा बलों में अनुशासन बनाए रखने के लिए एक महत्वपूर्ण कदम है।
इस बर्खास्तगी से सुरक्षा एजेंसियों में एक कड़ा संदेश गया है कि संवेदनशील जानकारी की गोपनीयता और आचरण नियमों का पालन सर्वोपरि है। किसी भी स्तर पर लापरवाही या उल्लंघन बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।







