Patna PMCH News: पटना मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल (PMCH) में एक चौंकाने वाली घटना सामने आई है। बाइक पार्किंग को लेकर हुए विवाद में अस्पताल के गार्ड्स ने मरीजों और उनके परिजनों पर जमकर लाठीचार्ज किया। इस मारपीट में दो लोगों का सिर फट गया, जबकि एक महिला के साथ भी धक्का-मुक्की की गई। यह पूरी घटना इमरजेंसी वार्ड के पास पुलिसकर्मियों की मौजूदगी में हुई, जिसने सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
आप पढ़ रहे हैं देशज टाइम्स बिहार का No.1।
बाइक पार्किंग को लेकर हुआ ‘खूनी’ विवाद
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, गुरुवार सुबह करीब 10:30 बजे बिहटा के कंचनपुर निवासी विमल कुमार अपनी बाइक इमरजेंसी के पास पार्क कर रहे थे। वहां मौजूद गार्ड्स ने उन्हें रोका, जिसके बाद कहासुनी हुई और विवाद बढ़ गया। आरोप है कि कुछ ही देर में कई गार्ड्स ने विमल कुमार पर हमला कर दिया और उनकी बेरहमी से पिटाई की। मारपीट इतनी गंभीर थी कि विमल का सिर फट गया और वह सड़क पर गिर पड़े।
घायल विमल काफी देर तक सड़क पर पड़े रहे और गार्ड्स का आक्रामक रवैया बना रहा। घटना के समय पुलिसकर्मी भी मौके पर मौजूद थे, जिससे अस्पताल की सुरक्षा व्यवस्था पर बड़े सवाल उठ रहे हैं।
पुलिस की मौजूदगी में हुई मारपीट, महिला से भी बदसलूकी
घटना के दौरान वहां मौजूद अन्य लोगों ने जब गार्ड्स का विरोध किया तो मामला और बिगड़ गया। पटना के भट्टाचार्य इलाके के रहने वाले प्रेम कुमार अपनी पत्नी का इलाज कराने PMCH पहुंचे थे। उन्होंने घायल विमल कुमार के साथ हो रही मारपीट का विरोध किया और बीच-बचाव की कोशिश की। गार्ड्स ने प्रेम कुमार को भी नहीं बख्शा। उनके साथ भी जमकर मारपीट की गई, जिसमें उनका सिर फट गया। घायल अवस्था में उन्हें अस्पताल में प्राथमिक उपचार दिया गया।
मारपीट के दौरान सोनपुर की रहने वाली संगीता कुमारी ने जब घायल लोगों को बचाने और विवाद शांत कराने की कोशिश की, तो उनके साथ भी बदसलूकी की गई। आरोप है कि कुछ गार्ड्स और वहां मौजूद महिला पुलिसकर्मियों ने संगीता के साथ धक्का-मुक्की की और मारपीट भी की। लोगों का आरोप है कि पुलिसकर्मी मूकदर्शक बने रहे और गार्ड्स को रोकने की कोशिश नहीं की। इस घटना के बाद अस्पताल परिसर में मौजूद लोगों में भारी आक्रोश देखा गया।
दोषियों पर होगी सख्त कार्रवाई, डीएसपी का भरोसा
घायल विमल ने पुलिस पर आरोप लगाए, उन्होंने कहा कि घटना के वक्त मौजूद पुलिस ने मारपीट की घटना को नहीं रोका। बल्कि, जब घायल अवस्था में विमल (पीड़ित) PMCH के टीओपी पहुंचा, तो थाने में भी मारपीट की गई। विमल ने बताया जब कानून और न्याय का रक्षक ही पीड़ितों की बात नहीं सुनेगा, तो न्याय कौन करेगा?
देश की हर बड़ी ख़बर पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें
टाउन DSP-1 राजेश रंजन ने कहा कि पीड़ित पक्ष की शिकायत के आधार पर पूरे मामले की जांच कराई जाएगी। दोषी गार्ड्स और पुलिसकर्मियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई होगी। डीएसपी ने यह भी कहा कि अस्पताल परिसर में इस तरह की हिंसा किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं की जाएगी। पुलिस अब घटनास्थल पर लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगालने में जुट गई है।
आप पढ़ रहे हैं देशज टाइम्स बिहार का No.1।







