
Patna News: पटना का सबसे बड़ा सरकारी अस्पताल एक बार फिर सुर्खियों में है. यहां इलाज के दौरान एक मरीज ने दम तोड़ दिया, लेकिन इसके बाद जो हुआ उसने सबको हैरान कर दिया. मरीज़ की मौत पर सवाल उठाने वाले परिजनों को ही निशाना बना लिया गया?
पटना मेडिकल कॉलेज एंड हॉस्पिटल (PMCH) में बुधवार की सुबह उस वक्त अफरातफरी का माहौल बन गया, जब एक मरीज की मौत के बाद उसके परिजनों और जूनियर डॉक्टरों के बीच झड़प हो गई. आरोप है कि बहस इतनी बढ़ गई कि जूनियर डॉक्टरों ने एकजुट होकर मृतक के परिजनों के साथ मारपीट शुरू कर दी, जिससे अस्पताल परिसर में chaos फैल गया.
इलाज में लापरवाही को लेकर शुरू हुआ विवाद
जानकारी के अनुसार, अस्पताल में भर्ती एक मरीज का इलाज चल रहा था. बुधवार सुबह उसकी अचानक मौत हो गई. मौत की खबर मिलते ही परिवार वाले भड़क गए. उन्होंने डॉक्टरों पर इलाज में गंभीर लापरवाही बरतने का आरोप लगाना शुरू कर दिया, जिसके बाद वहां मौजूद स्वास्थ्यकर्मियों से उनकी बहस होने लगी.
परिजनों के आरोपों के बाद वहां मौजूद जूनियर डॉक्टरों से उनकी तीखी नोकझोंक होने लगी. देखते ही देखते मामला गरमा गया और बात हाथापाई तक पहुंच गई. मृतक के साथ आए लोगों का आरोप है कि जूनियर डॉक्टरों ने उनके साथ गुंडागर्दी की और उन्हें जमकर पीटा.
अस्पताल परिसर में तनाव का माहौल
इस घटना के बाद अस्पताल में काफी देर तक हंगामा होता रहा. मौके पर मौजूद अन्य लोगों और सुरक्षाकर्मियों ने किसी तरह बीच-बचाव कर मामले को शांत कराया. हालांकि, इस घटना को लेकर दोनों पक्षों में तनाव बना हुआ है. इस मारपीट की घटना ने एक बार फिर अस्पताल प्रबंधन और सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं.




