बिहार में आंगनबाड़ी सेविकाओं की बहाली अब नए तरीके से होगी। नीतीश सरकार इसमें बड़ा बदलाव करने जा रही है। चयन प्रक्रिया में बड़े पैमाने पर गड़बड़ी की लगातार मिल रही शिकायतों पर अब सीधा सीएम नीतीश कुमार ने संज्ञान लिया है। कारण, जनता दरबार में आज इस प्रक्रिया की पूरी पोल ऐसी खुली कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार यह जानकार बेहद नाराज हो गए।
जानकारी के अनुसार, सीएम नीतीश कुमार ने पूछा आखिर समाज कल्याण विभाग कर क्या रहा है। सीएम नीतीश कुमार मुख्य सचिव आमिर सुबहानी को तलब किया और आंगनबाड़ी सेविका बहाली से जुड़ी नियमावली की समीक्षा करने की बात कही।
इस दौरान एस सिद्धार्थ ने कहा कि ये सारी गड़बड़ियां पूर्व मुखिया का कार्यकाल के दौरान हुई हैं। इसे हमलोग दिखवा रहे हैं सर। इस पर मुख्यमंत्री ने कहा कि जब इतने बड़ी संख्या में गड़बड़ी हो रही है तो पूरी प्रक्रिया को देखने की जरूरत है। अगर नियम को लेकर भी कुछ करना पड़े तो कीजिए।
इसके बाद सीएम नीतीश कुमार समाज कल्याण विभाग के प्रधान सचिव को फोन लगवाया और कहा कि इतनी बड़ी गड़बड़ी कैसे हो रही है। उन्होंने कहा कि अगर बहाली में गड़बड़ी हो रही हो तो देखिए और समीक्षा कीजिए। मुख्य सचिव को निर्देश दिया कि कैबिनेट में आंगनबाड़ी सेविकाओं की बहाली से जुड़ी नियमावली में बदलाव का प्रस्ताव पेश कर दिया जाएगा।
इसके साथ ही यह तय हो गया है कि राज्य के अंदर आंगनबाड़ी सेविकाओं की बहाली प्रक्रिया में बदलाव किया जाएगा। वहीं, उम्मीद की जा रही है कि पूर्व मुखियाओं के कार्यकाल में बहाली की पूरी तह तक सरकार अब जाएगी।