Bihar Summer Camp 2025: बिहार में गर्मी की छुट्टियां अब होंगी कुछ खास… गणित से दोस्ती का मिलेगा मौका। छुट्टियों में बच्चों को गणित से दोस्ती का मौका मिलेगा। जानिए टाइम टेबल और पूरी योजना जब 2 जून से 21 जून तक गणित समर कैंप, खेल-खेल में सिखाया जाएगा जोड़-घटाव।
बिहार सरकार ने इस बार गर्मी की छुट्टियों को खास और उपयोगी बनाने की तैयारी कर ली है। 2 जून से 21 जून 2025 तक राज्य के सरकारी स्कूलों में “मैथ समर कैंप” (Math Summer Camp 2025) आयोजित किया जाएगा, जिसमें गणित की बुनियादी समझ को मजबूत किया जाएगा।
किन बच्चों को मिलेगा मौका?
यह कैंप मुख्यतः कक्षा 5 और 6 के कमजोर छात्रों के लिए आयोजित किया जा रहा है। ASER टूल के जरिए पहले ही ऐसे बच्चों की पहचान की जा चुकी है। जोड़-घटाना, गुणा-भाग, माप, और ज्यामिति जैसे मूलभूत गणितीय कौशल सिखाए जाएंगे।
टाइम टेबल: गर्मी को ध्यान में रखते हुए दो शिफ्ट में कैंप
सुबह सत्र: सुबह 7 बजे से 9 बजे तक। शाम सत्र: शाम 5 बजे से 7 बजे तक। प्रत्येक सत्र में 15 बच्चों का समूह रहेगा ताकि व्यक्तिगत ध्यान दिया जा सके।
कैसा होगा पढ़ाई का तरीका?
कोई ब्लैकबोर्ड नहीं, कोई रट्टा नहीं। चटाई पर बैठकर खेल-खेल में गणित सिखाया जाएगा। हैंड्स-ऑन एक्टिविटीज, संवाद आधारित अभ्यास और इंटरैक्टिव मैथ गेम्स के माध्यम से पढ़ाई होगी।
स्वयंसेवकों की भूमिका होगी अहम
डायट के प्रशिक्षु शिक्षक, पॉलिटेक्निक व इंजीनियरिंग कॉलेजों के छात्र। NCC कैडेट्स, ‘जीविका दीदी’ समूह के प्रेरित युवा, नेहरू युवा केंद्र के सदस्य। ‘कुशल युवा’ (बिहार कौशल विकास मिशन) से जुड़े स्वयंसेवक बच्चों के साथ मिलकर करेंगे काम।4 दिन का ओरिएंटेशन प्रशिक्षण इन सभी को पहले ही दिया जा रहा है।
अभिभावकों की भी होगी भागीदारी
हर शाम के सत्र के अंत में 10 मिनट का ‘पेरेंट ब्रेक’ रखा जाएगा। इसमें स्वयंसेवक अभिभावकों को बच्चों की प्रगति दिखाएंगे। साथ ही घर में अभ्यास कराने के सरल टिप्स भी बताएंगे। शिक्षा विभाग ने सभी DEO को पेरेंट्स की भागीदारी अनिवार्य करने के निर्देश दिए हैं।
इस पहल की जरूरत क्यों है?
कई रिपोर्टों में सामने आया है कि कक्षा 3 से 6 के बच्चे बेसिक मैथ स्किल्स में पिछड़ रहे हैं। इसका सीधा असर उनके आगे के शिक्षा जीवन पर पड़ता है। यह मैथ समर कैंप “बेस मजबूत, भविष्य उज्जवल” की नीति को जमीन पर उतारने की एक ठोस कोशिश है।