बिहार के समस्तीपुर से एक बड़ी खबर आ रही है। यहां कल्याणपुर थाना क्षेत्र के बिरसिंहपुर दुर्गा मंदिर के समीप मंगलवार की दोपहर अपराधियो ने जमकर तांडव मचाया।
जानकारी के अनुसार, दिनदहाड़े बाइक सवार तीन अपराधियों ने हथियार के बल पर साईं फ्यूल के कर्मी से 2 लाख 51 हजार कैश लूट लिए। लूट की घटना को अंजाम देने के बाद बाइक सवार बदमाश समस्तीपुर की ओर भाग निकले।
बताया गया है कि साईं फ्यूल, गोपालपुर का कर्मी संतोष कुमार 2 लाख 51 हजार रुपए सेंट्रल बैंक बिरसिंहपुर की शाखा में जमा करने जा रहा था। उसी दौरान बाइक सवार बदमाशों ने ओवरटेक कर बिरसिंहपुर मंदिर के समीप उसे रोक लिया। उसके बाद पिस्तौल सटा कर रुपए से भरा बैग लूट लिया।
इस संबंध में कर्मी संतोष कुमार ने थाना को सूचना दी। घटना की जानकारी मिलने पर पहुंचे थानाध्यक्ष परमानंद लाल कर्ण मौके पर पहुंचकर मामले की छानबीन में जुट गये। उन्होंने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। फिलहाल प्राथमिकी दर्ज नहीं हुई है।