

बिहार और उत्तर प्रदेश की सीमावर्ती जिला सीवान के मुफस्सिल थाना क्षेत्र के छोटपुर गांव के समीप मंगलवार को यूपी से सीवान की तरफ आ रही एक लग्जरी कार UP 32 DP 2696 से पुलिस ने 1050 बोतल बंटी बबली देसी शराब को बरामद किया। बरामद शराब की कीमत लाखों है। वहीं लग्जरी कार के साथ शराब तस्कर यूपी के देवरिया जिले के संजय प्रजापति को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस ने जिस गाड़ी को शराब के साथ पकड़ा उस गाड़ी के शीशे पर इलाहाबाद उच्च न्यायालय एवं नंबर प्लेट के ऊपरी हिस्से में जिला अध्यक्ष का होर्डिंग लगा है।
पुलिस ने बताया कि सबसे पहले तो वह चकमा खा गए। गाड़ी के अगले हिस्से पर उच्च न्यायालय लिखा हुआ दिखने से उन्हें लगा कि किसी अधिकारी की गाड़ी है। इसकी वजह से चकमा खा गए, लेकिन पुलिस को देखकर कार चालक के हाव भाव बदलने लगें। इस से पुलिस को शंका हुई और उसने कार चालक को कब्जे में लेकर जांच किया।
पुलिस ने उससे पूछताछ की तो कार चालक ने किसी भी प्रकार की संतोषजनक जवाब नहीं दी । जिसके बाद पुलिस ने चालक को हिरासत में लेकर गाड़ी की तलाशी ली तो सबके होश उड़ गए । लग्जरी कार की डिक्की में एक हजार पचास पीस बंटी बबली शराब बरामद हुआ।
इस संबंध में सीवान मुफस्सिल थाने की पुलिस ने बताया कि उन्हें गुप्त सूचना मिली थी कि यूपी की तरफ से किसी लग्जरी कार में शराब कारोबारी शराब लेकर सीवान जिले के महाराजगंज थाना क्षेत्र इलाके में डिलीवरी के लिए निकले हुए है ।
सूचना के बाद से ही मुफस्सिल थाने के पुलिस शराब कारोबारियों को गिरफ्तार करने के लिए एक्टिव हो गई। पुलिस मुफस्सिल थाना क्षेत्र के छोटपुर गांव के समीप मुस्तैद खड़ी थी। इसी दौरान यूपी की तरफ से तेज रफ्तार में आ रही लग्जरी गाड़ी को पुलिस ने आशंका के आधार पर रोक दिया।


