जानकारी के अनुसार, फिल्म सुपरस्टार अमिताभ बच्चन (Amitabh Bachchan) के एक रिश्तेदार के साथ ठगी का मामला सुर्खियों में है। दिल्ली पुलिस की क्राइम ब्रांच की टीम इस ठगी को सुलझाने में जुटी है।
जानकारी के अनुसार, अमिताभ बच्चन के एक रिश्तेदार के साथ पिछले साल दिसंबर महीने में ठगी का मामला दिल्ली पुलिस की क्राइम ब्रांच ने दर्ज किया था। इस ठगी के मामले में अबतक तीन आरोपित गिरफ्तार किए गए थे। इनमें एक अवनीश चंद्र झा भी था।
इसे तांत्रिक और गुरुजी के नाम से भी जाना जाता है। पुलिस को यह जानकारी मिली थी कि, गिरफ्तार आरोपित तांत्रिक यानी अवनीश झा जमीन की खरीद-बिक्री के नाम पर धोखाधड़ी का काम करता है। कई लोगों से फ्रॉड करने की बात सामने आयी थी। इसी को लेकर क्राइम ब्रांच टीम दरभंगा के बहेड़ा थाना क्षेत्र अंतर्गत सझुआर गांव जाकर जांच पड़ताल की है।
फ्रेंड्स कॉलोनी निवासी अनिल नंदा की मुलाकात अवनीश चंद्र झा से 2016 में तिहाड़ जेल में हुई थी। झा 2019 में जेल से बाहर आया। दोनों के बीच मुलाकातें होने लगी।
झा ने नंदा से अपने लिए एक असिस्टेंट मांगा। नंदा ने अपने साथ 32 साल तक काम कर चुके अपने पुराने सेक्रेटरी राधा कृष्ण का नाम सुझाया। आरोप है राधा कृष्ण ने उनकी सारी जानकारी झा को दी। इसके बाद ईओडब्ल्यू में चेक बाउंस का केस दर्ज होने का डर दिखाकर पीड़ित को जबरन अलग-अलग होटलों में बंधक बना कर रखा गया। फिर फ्रेंड्स कॉलोनी स्थित घर पर ठगी के जरिए कब्जा जमा लिया। तीसरा आरोपी माजिद अली पेशे से सीए है।
जानकारी के अनुसार, अमिताभ बच्चन के पीड़ित रिश्तेदार दिल्ली में रहते हैं और बड़े ग्रुप में उच्च पद पर आसीन रह चुके हैं। उन्होंने दावा किया था कि फरवरी 2020 में उनके साथ बड़ी धोखाधड़ी हुई थी। करोड़ों रूपए की ठगी का मामला सामने आने के बाद क्राइम ब्रांच ने दिल्ली में मुकदमा दर्ज किया था।
जांच के बाद ये खुलासा हुआ था कि ये गैंग बनाकर अमीर घराने के चुनिंदा लोगों को टारगेट बनाते हैं। कई राज्यों में इनके ऊपर केस दर्ज थे। अमिताभ बच्चन के रिश्तेदार से इसकी मुलाकात तिहाड़ जेल में होने की बात बताई गयी थी।