मुख्य बातें: बॉर्डर पर अवैध रूप से नेपाल प्रवेश कर रही एक विदेश महिला गिरफ्तार, पिपरौन एसएसबी कैंप के जवानों ने की कार्रवाई, उज्बेकिस्तान से चार वर्ष पूर्व व्यवसाय करने की नीयत से भारत आयी थी विदेशी महिला, दिल्ली व अहमदाबाद में बिताए चार वर्ष, महिला के मोबाइल से दो पासपोर्ट व दो भारतीय आधार कार्ड समेत कई सामान बरामद,देशज टाइम्स फोटो: एसएसबी की हिरासत में विदेशी महिला
हरलाखी, मधुबनी देशज टाइम्स। जिले के भारत-नेपाल सीमावर्ती इलाका के हरलाखी थाना क्षेत्र से गुरुवार को एक संदिग्ध विदेशी महिला को गिरफ्तार किया गया है। महिला व्यवसाय करने के दृष्टिकोण से चार वर्ष पूर्व दिल्ली आई थी। यह गिरफ्तारी भारत-नेपाल सीमा क्षेत्र के समीप हरलाखी में जटही-पिपरौन सीमा पर हुई है।
संदेह के आधार पर पिपरौन एसएसबी कैंप के जवानों ने यह कार्रवाई की। जहां,अवैध रूप से नेपाल जा रही एक विदेशी उज्बेकिस्तान की संदिग्ध महिला उज्बेकिस्तान निवासी बेगम्मत किजी की 28 वर्षीय पुत्री मुखब्बत मुरोडोवा को गिरफ्तार किया गया है। यह गिरफ्तारी हरलाखी थाना क्षेत्र के भारत-नेपाल सीमा पर तैनात एसएसबी 48 वीं वाहिनी पिपरौन कैंप के जवानों की बड़ी कार्रवाई है।
जानकारी के मुताबिक, महिला मुखब्बत मुरोडोवा के पास से अलग-अलग नंबर और तिथि के दो पासपोर्ट समेत अन्य कागजात बरामद हुए हैं। महिला के पास अलग अलग जगह के दो भारतीय आधार कार्ड भी बरामद हुआ है।
वहीं, उज्बेकिस्तानी महिला के पास से एक ट्रॉली बैग, एक मोबाइल व चार अलग-अलग बैंकों के एटीएम व वीजा भी बरामद हुए हैं।
पूछताछ के दौरान महिला ने मोबाइल में अपना पासपोर्ट दिखाया। जो उज्बेकिस्तान से निर्गत था। लेकिन, मोबाइल देखने के दौरान एसएसबी जवानों को महिला का दूसरा पासपोर्ट भी नजर आ गया।
एक ही नाम से पंजीकृत दो पासपोर्ट मिलने से एसएसबी जवानों को संदेह हुआ। गिरफ्तार विदेशी महिला को एसएसबी के जवानों ने हरलाखी थाना की पुलिस को सुपुर्द कर दिया।
पुलिस महिला की पासपोर्ट की जांच कर रही है। पुलिस के पूछताछ के दौरान महिला के बार-बार बयान बदलने, महिला के पास से बरामद कागजात सही नहीं पाए जाने और अवैध मार्ग से सफर करने के आरोप में संदिग्ध महिला की गिरफ़्तारी हुई है।
जानकारी के अनुसार, पिछले चार साल पूर्व दिल्ली आई मुखब्बत मुरोडोवा किसी युवक के साथ दिल्ली के महिपालपुर में रही। करीब डेढ़ वर्ष महिला को युवक के साथ अनबन हो गई। फिर वो अहमदावाद चली गई।
अहमदाबाद में भी महिला को एक करण नाम के युवक से दोस्ती हुई। इसके बाद महिला अपने दोस्त के साथ नेपाल घूमने के लिए निकली। लेकिन दोस्त ने महिला से कहा तुम आगे निकलो मैं पीछे से आता हूं।
इसी विश्वास में महिला भारत नेपाल सीमा के पिपरौन जटही बॉर्डर पर पहुंच गई। जहां हेडकांस्टेबल अमर सिंह मीना के नेतृत्व में नाका ड्यूटी पर तैनात जवानों को संदेह हुआ। चुकी महिला भारतीय मूल की प्रतीत नहीं हो रही थी।
फिर चेकपोस्ट पर उपस्थित एसएसबी के बीआईटी टीम ने महिला से पूछताछ की तो उसके पास एक भारतीय आधार कार्ड बरामद हुआ। जिसमे महिला का फोटो लगा हुआ है और नाम सुल्ताना शेख है। जो महिपालपुर दिल्ली के पते से निर्गत है। पूछताछ के दौरान महिला अपना वीजा नहीं दिखा सकी।
फिर जवानों ने उसे उचित कागजात नहीं दिखाने और अवैध मार्ग से नेपाल जाने के आरोप में विधिवत गिरफ्तार कर लिया। जवानों ने जप्त सामान के साथ महिला को अग्रिम कार्रवाई के लिए हरलाखी पुलिस के हवाले कर दिया। थानाध्यक्ष अनोज कुमार ने बताया कि महिला के मोबाइल में अलग-अलग जगहों के दो भारतीय आधार कार्ड पाए गए हैं।
इसमे एक दिल्ली व एक अहमदाबाद का है। हालांकि महिला के पास से एक आधार कार्ड बरामद हुआ है। जो महिपालपुर दिल्ली के पते से निर्गत है। एसएसबी अधिकारी के प्रतिवेदन पर महिला के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज कर उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।