
पटना में जाली नोटों की खेप के साथ दो तस्करों को गिरफ्तार किया गया है। इन युवकों का पाकिस्तानी कनेक्शन से इनकार नहीं किया जा सकता है। पटना पुलिस के वरीय अधिकारियों को सूचना मिली की नकली नोटों के साथ कुछ तस्कर पटना के किसी होटल में ठहरे हैं। इस इनपुट पर अलग-अगल थाना क्षेत्रों में छापेमारी शुरू की गई।
जानकारी के अनुसार, शास्त्री नगर पुलिस ने यह कार्रवाई की है। इनके पास से सवा दो लाख का जाली नोट बरामद किया गया है। पकड़े गए दोनों युवक नेपाल के नागरिक हैं। कश्मीर के रहने वाले एक युवक ने इन्हें नकली और असली भारतीय नोट दिया था।
दोनों युवकों से मिली जानकारी के आधार पर पटना पुलिस नेपाल पुलिस से संपर्क कर रही है। पटना पुलिस पूछताछ और इनके मोबाइल के सीडीआर को खंगाल रही है। सीडीआर के आधार पर पता चलेगा कि रैकेट में कौन-कौन लोग शामिल है। नकली नोट का सप्लाई चेन नेपाल के रास्ते है या जम्मू-कश्मीर के रास्ते हैं। गिरफ्तार दोनों नेपाली नागरिकों ने नकली नोट के तस्करी और इसके मददगारों के बारे में कई अहम जानकारी दी है।
शास्त्री नगर थाना के दारोगा प्रहलाद झा ने बताया कि इन युवकों का पाकिस्तानी कनेक्शन से इनकार नहीं किया जा सकता है। उसकी पड़ताल की जा रही है। इसी बीच शास्त्रीनगर थाना की पुलिस को इनपुट मिला कि दो नेपाली नागरिक ब्रह्म स्थानी गली स्थित रेस्ट हाउस में ठहरे हुए हैं। इसके बाद पुलिस ने नेपाली नागरिक के कमरे की तलाशी ली। इस दौरान उनके कमरे से नकली और असली भारती नोट की खेप बरामद हुई।


