मुजफ्फरपुर से बड़ी खबर है जहां कांटी थाना क्षेत्र के श्रीसिया रेलवे गुमटी के समीप बीती रात कोयला चोरी में बड़ा बवाल हो गया। ग्रामीणों और सीआइएसएफ के जवानों के बीच हिंसक झड़प हो गई। इस दौरान ग्रामीणों ने सीआइएसएफ के जवानों पर लाठी-डंडे और पत्थरों से हमला कर दिया। इसके बाद जवानों को भी फायरिंग करनी पड़ी।
जानकारी के अनुसार, पत्थरबाजी के साथ ग्रामीणों ने जवानों को लाठी-डंडे से दौड़ा-दौड़ा कर पीटा। गश्ती दल के वाहन को भी क्षतिग्रस्त कर दिया। इसके बाद जवानों ने भी ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी। करीब एक दर्जन राउंड हवाई फायरिंग की गई। इसके बाद ग्रामीण भागे।
इस हमले में सीआइएसएफ के पांच जवान घायल हो गए हैं। इनमें दो की हालत गंभीर है। अन्य ग्रामीणों की मदद से जवानों को शहर के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। इस घटना में कई ग्रामीणों के भी चोटिल होने की सूचना है।
जानकारी के अनुसार, जानकारी के अनुसार, कपरपुरा से कांटी के बीच रैक से कोयले की चोरी की लगातार शिकायत आ रही थी। यहां गति धीमी होने से ट्रेन को वैक्यूम कर रोक देते। इसके बाद कोयले की चोरी की जाती है।
बताया जा रहा है कि थर्मल के सीआइएसएफ जवानों का गश्ती दल दो गाड़ियों से कपरपुरा स्टेशन के लिए निकला था। यहां कोयले की रैक आने वाली थी। श्रीसिया रेलवे गुमटी के समीप सुनसान रास्ते से आ रहे कुछ लोगों को देखकर जवानों ने उन्हें रोका।
उन्हें कोयला चोर बताते हुए मारपीट शुरू कर दी। ग्रामीणों ने सफाई दी कि वे खेत से लौट रहे हैं, लेकिन उनकी बातों को अनसुना कर सीआइएसएफ के जवानों ने जमकर पिटाई कर दी। दो जवानों को सिर में गंभीर चोटें आई हैं।
करीब आधे घंटा तक चले इस संघर्ष में दोनों पक्षों से कई लोगों घायल हो गए। घायल ग्रामीणों का स्थानीय स्तर पर इलाज हो रहा है। जवानों को शहर के निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया।
जवानों की मारपीट की जानकारी होते ही अगल-बगल के सैकड़ों ग्रामीण वहां जमा हो गए। वे जवानों की कार्रवाई का विरोध करते हुए हमलावर हो गए। आक्रोश देखकर जवानों ने ग्रामीणों पर अग्नेयास्त्र तान गोली मारने की धमकी देने लगे।
ग्रामीणों के मुताबिक, इस दौरान एक जवान ने ग्रामीणों को भयभीत करने के लिए हवाई फायरिंग भी कर दी। इसके बाद भीड़ उग्र हो गई। वह सभी खेत से लौट रहे थे।