बेगूसराय से इस वक्त की बड़ी खबर है यहां गड़िया जिला के महेशखूंट थाना क्षेत्र स्थित बिचला टोला निवासी सच्चिदानंद चौरसिया का पुत्र रवि कुमार की मौत हर्ष फायरिंग में हो गई। बताया जाता है कि सोमवार की देर रात बलिया थाना क्षेत्र में उसके एक दोस्त बलिया थाना क्षेत्र के लखमिनिया शेरनचक निवासी संजय शर्मा का रिसेप्शन था। इसी दौरान हर्ष फायरिंग चल रहा था। इसी दौरान रवि की गोली लगने से मौत हो गई।
जानकारी के अनुसार, रवि दुल्हा-दुल्हन के साथ स्टेज पर था। इसी दौरान लड़की के स्वागत में ताबड़तोड़ गोलीबारी शुरू हो गई। इसमें एक गोली रवि की छाती में लग गई तथा उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
गोली लगते ही घटनास्थल पर अफरा तफरी मच गई तथा गोली चलाने वाला युवक फरार हो गया। इसके बाद लोगों की सूचना पर पहुंची पुलिस मामले की छानबीन कर रही है। इधर अपने दोस्त की मौत से दुल्हा संजय के परिवार में भी कोहराम मच गया है।
बताया जा रहा है कि मृतक रवि कुमार अपने दोस्त की शादी के बाद रिसेप्शन पार्टी में अपने भाई के साथ बलिया पहुंचा था। रिसेप्शन के दौरान ही कुछ लोगों ने ताबड़तोड़ गोलियां चलाई जा रही थी। इसे देखकर वहां पर मौजूद रवि के भाई ने हर्ष फायरिंग कर रहे लोगों को गोली चलाने से मना किया। इसके बाद रवि का भाई उसे लेकर अलग जाने लगा तब हर्ष फायरिंग कर रहे लोगों ने रवि कुमार की तरफ करके हर्ष फायरिंग शुरू कर दी जिसके बाद एक गोली रवि की पेट और छाती में लग गई जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेजकर फायरिंग करने वाले की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी कर रही है। इस मामले का एक वीडियो भी वायरल हो रहा है। इसकी जांच का आदेश एसपी योगेंद्र कुमार ने दिए हैं। पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि आखिर गोली चलाने वाला हथियार लाइसेंसी था या गैर लाइसेंसी।