

बेगूसराय सदर प्रखंड के लाखो पंचायत समिति सदस्य भारती कुमारी के पति संतोष कुमार को पुलिस की स्पेशल टीम ने मंगलवार को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस टीम उससे पूछताछ कर रही है। जिस कारण कुछ पता नहीं चल पा रहा है।
एसपी योगेन्द्र कुमार ने बताया
कि स्पेशल टीम की ओर से संतोष कुमार को गिरफ्तार किया गया है, इस संबंध में जानकारी जुटाई जा रही है। बताया जा रहा है कि संतोष मंगलवार की दोपहर संतोष अपने घर पर था।
इसी दौरान पुलिस लिखी गाड़ी से आए पुलिसकर्मी बगैर कुछ बताए उसे अपने साथ लेकर चले गए। इसके बाद परिजन लाखो सहायक थाना, नगर थाना, मुफस्सिल थाना आदि का चक्कर लगाते रहे, लेकिन कहीं से भी गिरफ्तार करने की जानकारी नहीं मिली।
इधर, घटना से आक्रोशित ग्रामीणों ने घर के सामने लाखो पचपन टोला में एनएच-31 को जाम कर दिया। सूचना मिलते ही पहुंचे पुलिस पदाधिकारी लोगों को समझा-बुझाकर समाचार प्रेषण तक यातायात शुरू करवाने का प्रयास कर रहे हैं।
सड़क जाम कर रहे लोगों का आरोप है कि बिना नोटिस के पुलिस द्वारा गिरफ्तार किया गया है। लोगों का यह भी आरोप है कि संतोष को क्यों और किस थाना द्वारा गिरफ्तार किया गया है, इसकी भी जानकारी नहीं दी जा रही है।
इसी से आक्रोशित होकर लोगों ने सड़क जाम कर दिया, इसके बाद पता चला कि बिहार पुलिस की स्पेशल टीम ने उसे गिरफ्तार किया है। सूत्रों की मानें तो संतोष के शराब कारोबार संबंधित गतिविधियों में शामिल होने की सूचना मिली थी। सूचना सत्यापन के बाद एएलटीएफ की टीम ने उसे गिरफ्तार कर लिया तथा पूछताछ कर रैकेट का खुलासा करने की कोशिश चल रही है।




