
मोतिहारी से इस वक्त की बड़ी खबर आ रही है जहां, विभिन्न हादसों में तीन लोगों की मौत हो गई। इसमें एक युवक की मौत हादसे में हुई जबकि दो किशोरों की मौत डूबने से हो गई। बताया जाता है कि भादा नहर में डूबने से दो किशोर की मौत हो गई है। कल शाम से ही दोनों लापता थे। एक का शव दामोवृत्ति तो दूसरे का शव कोटवा से बरामद हुआ है। वहीं, सड़क दुर्घटना में बाइक सवार युवक की मौत हो गई है। पढ़िए पूरी खबर
जानकारी के अनुसार, हरसिद्धि थाना क्षेत्र के रमपुरवा (ओलहां मेहता टोला) मे एक अज्ञात वाहन की ठोकर से एक बाइक सवार युवक पहाड़पुर थाना क्षेत्र के सरिया कचहरी गांव के रहने वाले राजेन्द्र ठाकुर के 22 वर्षीय पुत्र रोहन की मौत हो गई। वाहन की ठोकर से वह बाइक पर असंतुलित होकर बिजली के खंभे में जा टकराया। इससे घटनास्थल पर ही उसकी मौत हो गई। वह अपने बहन के ससुराल ओलहां मेहता टोला आया था।
हरसिद्धि थानाध्यक्ष ज्वाला सिंह ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया गया है। साथ ही ठोकर मारने वाले अज्ञात वाहन की तलाश की जा रही है।
वहीं, हरसिद्धि थाना क्षेत्र में ही भादा नहर में डूबने से दो किशोरों की मौत हो गई। दोनों किशोरों के शव बरामद कर लिए गए हैं। बताया जाता है कि किशोर कल शाम से ही लापता थे। सोमवार की सुबह ग्रामीणों ने एक किशोर के शव को भादा नहर में तैरते देखा, तो दोनों के डूबने का पता चला। घटना की सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस के गोताखोर दस्ते की ओर से कई घंटे की खोजबीन के बाद दूसरे किशोर का शव कोटवा के समीप से बरामद हो सका।
जानकारी के मुताबिक भादा पंचायत के झड़वा गांव के रहने वाले नजरूल्लाह खान और सरवर खान कल शाम से ही लापता थे। रातभर दोनों की काफी खोजबीन की गई लेकिन उनका कोई पता नहीं चल सका। सोमवार की सुबह में ग्रामीणों ने दामोवृति सायफन के पास नजरुल्लाह खान का शव देखा। नजरुल्लाह का शव मिलने की जानकारी मिलने पर ग्रामीणों की भीड़ इकट्ठा हो गई और दुसरे किशोर की भी डुबने से मौत होने के अंदेशा मे तलाश शुरू की गई।मृतकों के परिजनों के अनुसार बीते शाम दोनों शौच के लिए भादा नहर की ओर गए थे। शौच के दौरान नहर में डूबने से उनकी मौत हो गई।







