
कोरोना संक्रमण भारत समेत दुनियाभर में तेजी से बढ़ने लगा है। भारत के कई राज्यों में कोविड के केस डराने लगे हैं। महाराष्ट्र और दिल्ली में कोविड के केसों में बढ़ोतरी दर्ज की गई है। दिल्ली, महाराष्ट्र और गुजरात समेत देश के दूसरे हिस्सों में कोरोना के केस अब मेडिकल एक्सपर्ट की टेंशन बढ़ा रहे हैं।
अगर वर्ल्ड लेवल पर कोरोना की बात करें तो पिछले 24 घंटे में दुनियाभर में कोरोना के 66 हजार मरीज मिले हैं।मेडिकल एक्सपर्ट्स ने भी इसे लेकर चिंता जताई है। वहीं, स्वास्थ्य मंत्री मनसुख मांडविया ने हाल ही में 6 राज्यों को चिट्ठी लिखी थी।
हाराष्ट्र में एक बार फिर कोरोना संक्रमित मरीजों की संख्या में इजाफा देखने को मिला है। राज्य में कोरोना के 236 नए मामले सामने आए हैं। इन 236 मामलों में से 52 राजधानी मुंबई में सामने आए हैं।
राजधानी दिल्ली में रविवार को कोविड के 72 नए केस मिले हैं। इसके साथ ही पॉजिटिविटी रेट 3.95 फीसदी हो गई है। स्वास्थ्य विभाग के मुताबिक एक ओर जहां दिल्ली में H3N2 वायरस के साथ ही कोरोना के केसों में भी बढ़ोतरी हुई है। दिल्ली में शनिवार को कोरोना की पॉजिटिविटी रेट 3.52 फीसदी जबकि शुक्रवार को 3.13 फीसदी थी। इसके साथ ही देश में कोविड-19 संक्रमण के सक्रिय मामले बढ़कर 6,350 हो गए हैं।
भारत में सोमवार को बीते 24 घंटों में कोविड-19 के 918 नए मामले दर्ज किए गए। सक्रिय मामलों की संख्या बढ़कर 6,350 हो गई है। सोमवार को केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय के आंकड़ों से यह जानकारी मिली। इस बीच, देश में कोरोना से चार संक्रमित मरीजों की मौत हुई, जिनमें से दो राजस्थान में, और एक-एक कर्नाटक और केरल में हुई है। मरने वालों की कुल संख्या 5,30,806 हो गई है।
वहीं कोरोना से 479 मरीज एक दिन में ठीक भी हुए हैं। देशभर में कोरोना वायरस से ठीक होने वाली मरीजों की संख्या 4,41,59,182 हो गई है। नतीजतन, रिकवरी रेट 98.80 प्रतिशत है। इस बीच, डेली पॉजिटिविटी रेट 2.08 प्रतिशत आंकी गई है, जबकि वीकली पॉजिटिविटी रेट 0.86 प्रतिशत है।
साथ ही इसी अवधि में, देश भर में कुल 44,225 कोरोना टेस्ट किए गए, जिससे कुल संख्या 92.03 करोड़ से अधिक हो गई। मंत्रालय ने कहा कि सोमवार सुबह तक, कोविड के कुल 220.65 करोड़ टीके लगाए जा चुके हैं, जिसमें पिछले 24 घंटों में 1,246 खुराक शामिल हैं।
केरल में 1796 मामले सक्रिय हैं जबकि महाराष्ट्र में सक्रिय मामलों की संख्या 1308 है। इसी तरह गुजरात में 740, कर्नाटक में 616, तमिलनाडु में 363, तेलंगाना में 237, दिल्ली में 209, हिमाचल प्रदेश में 168, राजस्थान में 117, ओडिशा में 106, मामले सक्रिय हैं।





