

ब्राजील के महान फुटबॉलर और रिकॉर्ड तीन विश्वकप जीताने वाले पेले का निधन हो गया। वह 82 वर्ष के थे। सदी के सबसे बड़े फुटबॉलरों में शुमार पेले का 2021 से मलाशय के कैंसर का इलाज चल रहा था। वह कई बीमारियों के कारण पिछले महीने से अस्पताल में भर्ती थे।
ब्राजील के मिनस गेरैस राज्य में जन्मे दिग्गज फुटबॉलर पेले अभी भी सेलेकाओ के लिए सबसे ज्यादा गोल करने वाले खिलाड़ी हैं। उन्होंने 95 मैचों में रिकॉर्ड 77 गोल दागे हैं। एक पेशेवर फुटबॉलर के रूप में पेले ने कुल 3 बार फीफा वर्ल्ड कप जीता जो अभी भी किसी फुटबॉलर के लिए एक रिकॉर्ड है।
एडसन अरांतेस डो नैसिमेंटो पेले के नाम से लोकप्रिय हैं। उनका जन्म 23 अक्टूबर, 1940 को ब्राजील के ट्रेस कोराकोएस में हुआ था। पेले की कोलन कैंसर की कीमोथेरेपी चल रही थी।
ब्राजील के इस दिग्गज फुटबॉलर को 29 नवंबर को सांस लेने में हो रही दिक्कतों के बाद एक अस्पताल में भर्ती कराया गया था। हालांकि, इसके बाद उन्होंने कीमोथेरेपी को रेस्पांड करना बंद कर दिया। इसके बाद उन्हें पैलिएटिव केयर में शिफ्ट कर दिया गया था।
जानकारी के अनुसार, दुनिया के महानतम फुटबॉलर पेले का गुरुवार देर रात निधन हो गया। 82 वर्षीय पेले पेट के कैंसर से जूझ रहे थे। पिछले कुछ सप्ताह से वे साओ पाउलो के एक अस्पताल में भर्ती थे। परिवार ने अस्पताल में ही उनके साथ क्रिसमस का त्योहार मनाया था।
उनकी बेटी कैली नैसिमेंटो ने सोशल मीडिया पर पेले के निधन की जानकारी साझा करते हुए उन्हें याद किया- हम जो कुछ भी हैं, आपकी बदौलत हैं। हम आपको बहुत प्यार करते हैं।
पेले ने ब्राजील को तीन बार विश्व विजेता बनाया। 1958, 1962 और 1970 में ब्राजील को विश्व विजेता बनाने वाले पेले ने 4 वर्ल्ड कप खेले और 1971 में उन्होंने संन्यास की घोषणा कर दी।




