

बिहार में डेंगू मरीजों का आकड़ा तेजी से बढ़ता हुआ दिख रहा है। राज्य में पिछले 24 घंटे में डेंगू के 288 नए मरीज पाये गए हैं। इनमें पटना के बाद सारण में 26 और मुंगेर में 21, पूर्वी चंपारण में 14 और मुजफ्फरपुर में 11, दरभंगा में चार नए डेंगू मरीजों की पहचान की गयी है।
अस्पतालों में भर्ती डेंगू मरीजों का आंकड़ा बढ़कर 306 तक पहुंच गया है। स्वास्थ्य विभाग की रिपोर्ट के अनुसार सितंबर महीने में राज्य में डेंगू के 5334 मरीज पाये गये हैं। इस वर्ष अब तक डेंगू के 5609 मामले पाये गये हैं।
इसके बाद एनएमसीएच के डेंगू वार्ड में बेड बढ़ाये गये है। एनएमसीएच के मेडिसिन विभाग में बने डेंगू वार्ड में 18 डेंगू मरीज भर्ती हैं। अधीक्षक डॉ. राजीव रंजन ने बताया कि मेडिसिन में पांच बेड बढ़ा कर 25 और शिशु रोग विभाग में 10 बेड आरक्षित हैं। डेंगू मरीजों के लगभग चार दर्जन से अधिक सैंपल हर दिन जांच के लिए आ रहे हैं।
राजधानी पटना में मरीजों का आंकड़ा 1723 पहुंच चुका है। वहीं, बिहार में मरीजों का आंकड़ा पांच हजार के पार जा चुका है। इस कारण लोगों की चिंता बढ़ चुकी है।
दो वैरिएंट ऐसे हैं जो मरीज पर खतरनाक प्रभाव छोड़ रहे हैं। इसके लक्षण भी अलग-अलग है। डेंगू का डंक पटना जिले में लगातार जारी है। जिले में गुरुवार को डेंगू के 102 नये मरीज मिले। इसके साथ जिले में मरीजों की संख्या 1723 तक पहुंच गयी है।
वहीं, 24 घंटे में 12 नये मरीजों को पीएमसीएच, आइजीआइएमएस व एनएमसीएच के डेंगू वार्ड में भर्ती किया गया है, जबकि आठ मरीजों को डिस्चार्ज किया गया। वर्तमान में शहर के अलग-अलग सरकारी मेडिकल कॉलेज अस्पतालों में 87 डेंगू मरीज भर्ती हैं।
सबसे अधिक पाटलिपुत्र व बांकीपुर अंचल में डेंगू के मरीज मिल रहे हैं। अब तक इन दोनों इलाकों से एक तिहाई मरीज मिल चुके हैं। जिला वेक्टर बोर्न डिजीज नियंत्रण पदाधिकारी
डॉ. सुभाष चंद्र प्रसाद ने बताया कि गुरुवार को बांकीपुर, पाटलिपुत्र, कंकड़बाग, पटना सिटी, दानापुर, सब्जीबाग, मखनिया कुआं, दरभंगा हाउस काली मंदिर व मंदिरी से पांच से दस नए मरीज मिले। राज्य में डेंगू के 284 नये मरीज मिले है। भर्ती मरीजों का आंकड़ा 300 के पार जा चुका है।
दरभंगा डीएमसीएच में अभी तक डेंगू के कुल 40 मरीज मिले हैं। पिछले 24 घंटे में डेंगू के चार मरीज डीएमसीएच में इलाज के लिए भर्ती हुए। इसमें से दो मरीज जिले के हैं। इनकी कोई ट्रैवल हिस्ट्री नहीं है। इन्हें घरों में डेंगू मच्छरों ने काटा है। वहीं, समस्तीपुर जिले के दो युवक मुंबई और उत्तर प्रदेश के नोएडा में डेंगू होने पर घर वापस आए।




