
नेपाल के बारा जिले की पुलिस ने नौ लाख की नकली नेपाली मुद्रा के साथ एक भारतीय सहित तीन लोगों को गिरफ्तार किया है। नेपाल पुलिस ने बारा जिले के सिमरौनगढ़ नगरपालिका के वार्ड नंबर पांच के कनकपुर से नौ लाख के नकली नेपाली नोट के साथ आज तीन युवकों को गिरफ्तार किया है।
पूर्वी चंपारण जिला के सटे नेपाल के बारा जिला के एसपी होबिन्द्र बोगाटी ने बताया कि जांच के क्रम में कनकपुर सड़क से भारी मात्रा में नकली नेपाली मुद्रा के साथ एक भारतीय नागरिक और दो अन्य नेपाली नागरिकों को गिरफ्तार किया गया है।
गिरफ्तार लोगों में से एक की पहचान बिहार के पूर्वी चंपारण जिले के पिपराकोठी निवासी 25 वर्षीय रंजीत कुमार मुखिया के रूप में की गई है। उसने 1000 के नौ लाख नकली नेपाली नोट कमर में और बाइक की डिक्की में छिपा रखा था। उसकी निशानदेही पर इस धंधे में शामिल कलैया उप महानगरपालिका वार्ड नंबर 25 निवासी सैनुल्लाह अंसारी और सिमरौनगढ नगरपालिका वार्ड नंबर 2 निवासी बिनाका मुखिया को भी गिरफ्तार किया गया है।
नेपाल के बारा जिले के पुलिस अधीक्षक होविंद्र बोगती ने बताया कि जिन लोगों को नकली मुद्रा के साथ गिरफ्तार किया गया है, उनमें पिपराकोठी, मोतिहारी पूर्वी चंपारण बिहार का रंजीत कुमार मुखिया, कलैया उप-महानगर के वार्ड नंबर 15 का सैनुल्ला अंसारी और सिमरौनगढ़ नगर पालिका के वार्ड नंबर दो का बिनाका मुखिया शामिल हैं।
उन्होंने बताया कि सिमरौनगढ़ नगर पालिका 5 कनकपुर से नेपाल में प्रवेश करते समय रंजीत को गिरफ्तार किया गया था। यह एक ऐसा गिरोह है, जो लंबे समय से विभिन्न माध्यमों से नकली नेपाली मुद्रा नेपाल लाता है। मुकदमा दर्ज कर पूछताछ की जा रही है।
वहीं भारत-नेपाल सीमा के रक्सौल-बीरगंज सड़क खंड के रजत जयंती चौक पर वीरगंज पुलिस ने आज रक्सौल की तरफ से नेपाल जा रही तीन महिलाओं को पकड़ा है। इनके पास से गैरकानूनी रूप से भारत से नेपाल लाये जा रहे 28 लाख 56 हजार भारतीय रुपये बरामद हुए है। महिलाओं के पास से बरामद रुपये 500 और 2000 के हैं।
नेपाल के पर्सा जिला के एसपी रमेश कुमार बस्नेत ने बताया कि नेपाल में आम चुनाव को लेकर सघन जांच की जा रही है।
इसी क्रम में नेपाल के पर्सा जिला की इनरवा और वीरता पुलिस की संयुक्त रूप से जांच में भारत से नेपाल पैदल जा रही इन महिलाओं की जांच की गई। इनके झोले से भारतीय रुपये को बरामद किया गया।उन्होंने बताया कि नेपाल में भारत के पांच सौ और दो हजार के नोट रखने पर प्रतिबंध लगाया गया है। पकड़े जाने पर कानूनी कार्यवाही का प्रावधान है।
इस संबंध में पर्सा जिला पुलिस के मीडिया प्रभारी सह डीएसपी दीपक गिरी ने बताया कि हिरासत में ली गई तीनों महिला की पहचान नेपाल के नुवाकोट की अनिता तामांग, सरिता अग्रवाल व धाडिंग की मंजू तामांग के रूप में हुई है। तीनों के पास से कुल 28 लाख 56 हजार रुपये भारतीय नोट बरामद हुए हैं। इनमें से एक के पास से भारतीय आधार कार्ड, पैन कार्ड के साथ ही तीन मोबाइल भी बरामद किया गया है, जिसकी जांच की जा रही है।







